- ब्रिटेन के गार्डनर इयान पैटन ने अकेले 1295.8 किलो का दुनिया का सबसे भारी कद्दू उगाकर रिकॉर्ड बनाया है
- इयान पैटन और उनके भाई ने पिछले पांच दशकों में इतिहास के दस सबसे भारी कद्दुओं में से पांच उगाए हैं
- इयान ने इस कद्दू की देखभाल में रोजाना छह घंटे बिताए और लगातार दो महीने बिना छुट्टी काम किया
आपने अपने जीवन में सबसे भारी कद्दू (पंपकीन) कितने किलो का देखा होगा? 10 किलो या बहुत हुआ तो 15 किलो. लेकिन ब्रिटेन के एक दादा जी ने तो दुनिया में सबसे भारी कद्दू उगाने का रिकॉर्ड बना दिया है. पेशे से गार्डनर इस दादा जी ने सबसे वजनी कद्दू उगाने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है. उससे भी कमाल की बात यह है कि दुनिया में आजतक उगाए गए तीन सबसे भारी कद्दू को इसी दादा जी ने उगाया है. इनका नाम है इयान पैटन और उनकी उम्र है 65 साल. इस बार उन्होंने अपने जुड़वां भाई स्टुअर्ट के बिना इस कंपटीशन में हिस्सा लिया है और 1295.8 किलो का एक कद्दू दुनिया के सामने रखा है.
क्यों खास है यह रिकॉर्ड
लगभग 1300 किलो का एक कद्दू. यह एक वाक्य यह बताने के लिए काफी है कि यह रिकॉर्ड खास क्यों है. इतना वजन तो मादा दरियाई घोड़े का होता है. अबतक वह अपने भाई के साथ रिकॉर्डतोड़ कद्दू उगाते थे लेकिन इस बार वह दुनिया को अपनी काबिलियत दिखाने निकले हैं. ब्रिटिश अखबार इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के अनुसार इस साल उन्होंने पहली बार अकेले काम करने की कोशिश की और हैम्पशायर में अपने होमटाउन लाइमिंगटन को छोड़कर विदेश यात्रा पर निकल गए थे.
कैसे उगाया 1295.8 किलो का कद्दू
रिपोर्ट के अनुसार वे इस एक कद्दू को उगाने के लिए हर दिन देखभाल में छह घंटे तक का समय बिताते थे. बिना कोई छुट्टी लिए उन्होंने लगातार दो महीने यह काम किया. उन्होंने बताया कि इस काम का एक बड़ा हिस्सा बेलों को मिट्टी में दबाना है ताकि उनमें और जड़ें निकल सकें. इसी से कद्दू का साइज बढ़ता है. उनका कहना है कि इस वजन का कद्दू हर दिशा में रोजाना लगभग डेढ़ फीट या 40 सेंटीमीटर बढ़ता है. इसलिए यह काफी बड़ा होने लगता है और हर दिन इसकी देखभाल करनी होती है.
इयान पैटन के लिए यह एक खेल है और ऐसा कोई और खेल दुनिया में नहीं है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं