विज्ञापन

कौन हैं नित्या रमन? लॉस एंजिल्स मेयर चुनाव जीतकर रचा इतिहास, जानें भारत से कनेक्शन

नित्या रमन ने लॉस एंजिल्स की जनता से बदलाव का वादा किया है. उनका ध्यान लंबे समय से चली आ रही समस्याओं पर है, जिनमें  बेघर होने की समस्या, खराब होते सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और पुलिस व्यवस्था को लेकर चिंताएं शामिल हैं.

कौन हैं नित्या रमन? लॉस एंजिल्स मेयर चुनाव जीतकर रचा इतिहास, जानें भारत से कनेक्शन
अमेरिका में चुनाव जीतने वाली नित्या रमन के बारे में जानें
फाइल फोटो
  • लॉस एंजिल्स के मेयर चुनाव में भारतीय मूल की नित्या रमन ने मौजूदा मेयर करेन बैस को हराकर जीत हासिल की है
  • नित्या रमन ने शहर की बेघर आबादी और सार्वजनिक सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर चुनावी बहस की थी
  • नित्या रमन का जन्म केरल में हुआ और उन्होंने हार्वर्ड व एमआईटी से पढ़ाई की है

अमेरिका के लॉस एंजिल्स के मेयर चुनाव में भारतीय मूल की नित्या रमन ने शानदार जीत हासिल की है. नित्या रमन ने चौंकाने वाले उलटफेर में मौजूदा मेयर करेन बैस को हराकर ये पद अपने नाम कर लिया है. इसे बदलाव का बड़ा राजनीतिक फेरबदल माना जा रहा है. 45 साल की नित्या रमन, डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका की तरफ से चुनावी मैदान में थीं. उन्होंने चुनाव से पहले हुई टेलीविजन बहस में शहर में बढ़ती बेघर आबादी, प्रशासनिक चुनौतियों और सार्वजनिक सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए बहस में करेन बैस को हरा दिया था. उनकी ये जीत  डेमोक्रेटिक के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. भारतीय मूल के जोहरान ममदानी के न्यूयॉर्क मेयर चुनाव जीतने के एक साल बाद नित्या रमन ने लॉस लॉस एंजिल्स का मेयर चुनाव जीता है. 

कौन हैं नित्या रमन?

नित्या रमन का संबंध भारत के केरल से है. उनका जन्म 28 जुलाई 1981 को केरल में हुआ था. छह साल की उम्र में वह परिवार के साथ अमेरिका के लुइसियाना राज्य में आकर बस गई थीं. वह हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल थ्योरी में ग्रेजुएट हैं.बाद में उन्होंने मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) से शहरी नियोजन में पोस्ट ग्रेजुएशन किया. राजनीति में एक्टिव होने से पहले वह शहरी विकास और आवासीय नीतियों से जुड़े मुद्दों पर काम कर चुकी हैं. पिछले 6 सालों से वह लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल की सदस्य हैं और डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट आंदोलन से भी जुड़ी रही हैं.

लॉस एंजिल्स की नई मेयर बनेंगी नित्या रमन

ममदानी की तरह नित्या ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान नेशनल लेवल पर कम ध्यान  दिया. खुद को उन्होंने एक स्वतंत्र विचारों वाली प्रगतिशील नेता के रूप में पेश किया था, जिनकी राय कुछ मुद्दों पर अपनी पार्टी से अलग थीं.नित्या का मेयर चुनाव में उतरना चौंकाने वाला था. क्यों कि उन्होंने शुरुआत में करेन बैस का समर्थन किया था. दरअसल बैस उनकी राजनीतिक सहयोगी रह चुकी हैं. जैसे ही नॉमिनेशन की लास्ट डेट नजदीक आई नित्या ने ये कहते हुए नामांकन कर सभी को चौंका दिया कि लॉस एंजिल्स अब नाजुक मोड़ पर पहुंच गया है.

20 सालों में दूसरी बार चुनाव हारी करेन बैस

नित्या रमन अब लॉस एंजिल्स की नई मेयर बनने जा रही हैं. करेन बैस ने हार मान ली है और नित्या को फोन पर चुनाव जीतने की बधाई भी दी. उन्होंने कहा कि उनको ऐसे नतीजों की उम्मीद नहीं थी. लेकिन  लॉस एंजिल्स की जनता फैसला सुना चुकी है. करेन बैस पिछले 20 सालों में दूसरी बार चुनाव हारी हैं. उस समय भीषण आग का मुद्दा उन्हें ले डूबा था.  ये मुद्दा चुनाव प्रचार में उनके खिलाफ चला गया था.

लॉस एंजिल्स में क्या बदलेंगी नित्या?

नित्या रमन ने लॉस एंजिल्स की जनता से बदलाव का वादा किया. उनका ध्यान लंबे समय से चली आ रही समस्याओं पर था, जिन में  बेघर होने की समस्या, खराब होते सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और पुलिस व्यवस्था को लेकर चिंताएं शामिल थीं. उन्होंने वादा किया कि मेयर बनने के बाद वह शहर के पुलिस प्रमुख को पद से हटा देंगी. उनको लगता है कि वे फेडरल इमिग्रेशन अथॉरिटी को लेकर बहुत ही नरमी बरत रहे हैं. साथ ही नित्या ने बुनियादी ढाचे पर ध्यान देने का वादा जनता से किया था.अब उन वादों का पूरा करने का वक्त आ गया है.

ये वीडियो भी देखें-

ये भी पढ़ें-कौन हैं भारत की नित्या रमन? अमेरिका के दूसरे सबसे बड़े शहर लॉस एंजिलिस की मेयर बनने की ओर, बनीं बेघर लाेगों की आवाज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nithya Raman, Nithya Raman Indian Origin, Nithya Raman Latest News, Nithya Raman Wins Los Angeles Seat, Nithya Raman Kaun Hai
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com