मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि ईरान द्वारा अमेरिकी नौसैनिक युद्धपोत को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाने की कोशिश के जवाब में पांच ईरानी तेल टैंकरों को नष्ट कर दिया गया. अमेरिका का कहना है कि उसके युद्धपोत पर हुए सभी हमले विफल रहे. दूसरी ओर ईरान ने अमेरिकी कार्रवाई के बाद कुवैत और बहरीन के बंदरगाहों के पास मौजूद तेल टैंकरों को चेतावनी देते हुए संभावित हमलों की बात कही है. इस घटनाक्रम ने पूरे खाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा और वैश्विक तेल बाजार की चिंताएं बढ़ा दी हैं.
अमेरिकी सेना ने पांच टैंकर नष्ट करने का किया दावा
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने एक बयान में कहा कि अमेरिकी बलों ने पांच ईरानी तेल वाहक जहाजों को निष्क्रिय कर दिया. सेंटकॉम के अनुसार, 'अमेरिकी बलों ने जहाजों पर मौजूद कर्मियों को पहले पोत छोड़ने का निर्देश दिया, जिसके बाद उन पर हमला कर उन्हें परिचालन के लायक नहीं रहने दिया गया.' अमेरिका ने कहा कि यह कार्रवाई ईरान की ओर से हाल में किए गए असफल हमलों के जवाब में की गई है.

अमेरिकी सेना ने तबाह किए ईरान के पांच तेल टैंकर
Photo Credit: CENTCOM
अमेरिकी युद्धपोत पर दो बार मिसाइल हमले का आरोप
सेंटकॉम ने दावा किया कि पिछले दो दिनों में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने एक अमेरिकी नौसैनिक युद्धपोत को दो बार बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाने का प्रयास किया.
अमेरिकी सेना ने यह भी कहा कि इससे पहले शनिवार को भी ईरान की ओर से एक अमेरिकी विमानवाहक पोत और गाइडेड मिसाइल विध्वंसक जहाज को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी, जिसके बाद तीन ईरानी कच्चे तेल वाहक जहाजों को नष्ट किया गया था.
मार्को रुबियो ने दी चेतावनी
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि यदि ईरान अमेरिकी नौसैनिक जहाजों को निशाना बनाने की कोशिश जारी रखता है तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई करता रहेगा. रुबियो ने कोलंबिया दौरे के दौरान पत्रकारों से कहा, 'ईरान लगातार अमेरिकी नौसैनिक जहाजों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है और हर बार ऐसा करने या कोशिश करने पर उसे अपने टैंकर खोने पड़ेंगे.'
ईरान ने भी दी जवाबी कार्रवाई की धमकी
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने कड़ा रुख अपनाया है. सरकारी समाचार एजेंसी IRNA पर जारी आईआरजीसी के बयान में कहा गया कि कुवैत और बहरीन के बंदरगाहों के पास मौजूद तेल टैंकर संभावित निशाने पर हैं. बयान में कहा गया, 'हम कुवैती और बहरीनी बंदरगाहों पर मौजूद सभी तेल टैंकरों को चेतावनी देते हैं, चाहे वे लंगर डाले हों या बंदरगाह पर खड़े हों, वे अपने पोत छोड़ दें क्योंकि उन्हें निशाना बनाया जाएगा.'
होर्मुज में सबमरीन ड्रोन विवाद
तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में एक और विवाद सामने आया है. ईरान ने दावा किया कि उसकी सेनाओं ने अमेरिकी नौसेना की एक आधुनिक मानव रहित पनडुब्बी को कब्जे में लिया है. हालांकि सेंटकॉम ने कहा कि अमेरिकी सेना का एक पानी के भीतर संचालित ड्रोन तकनीकी खराबी का शिकार हो गया था. सेंटकॉम के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने कहा कि यह पुराना मॉडल था और इसमें कोई संवेदनशील डेटा या गोपनीय सोनार एवं रडार उपकरण मौजूद नहीं थे.
यह भी पढ़ें : ईरान युद्ध अगले छह महीने तक खिंचने की संभावना... पूर्व अमेरिकी रक्षा मंत्री ने क्यों किया ये दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं