भारत के अंडर 19 बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी ने ऑस्ट्रेलिया के अंडर 19 टीम के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट मैच में भारत की ओर से 281 गेंद पर 240 रन का पारी खेली, अपनी पारी के दौरान 17 साल के भारतीय बैटर ने यूथ टेस्ट में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने में सफलता हासिल की है. भारत के U-19 ओपनिंग बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी, यूथ अंडर-19 टेस्ट के इतिहास में एक से ज्यादा दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले लक्ष्य रायचंदानी ने जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ 207 की पारी खेली थी अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 240 रन बनाकर इतिहास रच दिया.
10 साल की उम्र में घर से दूर, 17 साल में डबल सेंचुरी
राजकोट में यूथ टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ 281 गेंदों में 240 रन बनाने वाले इस युवा बैटर के पीछे एक दिलचस्प कहानी है. लक्ष्य ने सिर्फ 10 साल की उम्र में अपना घर छोड़ दिया और अपने क्रिकेट के सपने को पूरा करने के लिए उत्तराखंड चले गए थे. उन्होंने एज-ग्रुप क्रिकेट की मुश्किलों का सामना किया, रणजी ट्रॉफ़ी तक पहुंचे और फिर भारत- U19 टीम में जगह बनाई. फिर साल 2026 में उनके करियर ने तेजी पकड़ी. श्रीलंका दौरे पर लक्ष्य भारत U19 टीम के उप-कप्तान थे और उन्होंने मल्टी-डे सीरीज में शानदार परफॉर्मेंस करते हुए 207 रन बनाए. फिर इसके बाद लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने का मौका मिला. वन-डे सीरीज के लिए भारत U19 की कप्तानी मिलने पर, लक्ष्य ने फाइनल मैच में 106 गेंदों पर नाबाद 110 रन बनाए और भारत ने सीरीज 3-0 से जीती. कुछ दिनों बाद, लंबे फॉर्मेट में उप-कप्तान की भूमिका निभाते हुए, उन्होंने और भी बेहतर प्रदर्शन किया और ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ 286 गेंदों पर 240 रन की ऐतिहासिक पारी खेली.
लक्ष्य की ऐतिहासिक पारी
- श्रीलंका U19 के खिलाफ़ 207 रन
- ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ़ नाबाद 110 रन
- ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ़ 240 रन
विराट कोहली और जो रूट को मानते हैं अपना आदर्श
शर्मीले स्वभाव वाले लक्ष्य, जो विराट कोहली और जो रूट को अपना आदर्श मानते हैं, उनके शुरुआती आंकड़ों में एक खास बात है, वह सिर्फ़ शतक बनाने से संतुष्ट नहीं होते. वह आगे भी बल्लेबाजी जारी रखते हैं और उनके अंदर बड़ी पारी खेलने की ललक है.
अनौपचारिक यूथ टेस्ट मैच की बात करें तो भारत अंडर 19 टीम ने पहले खेलते हुए 102 ओवर में 494 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसके बाद ऑस्ट्रेलियाई अंडर 19 टीम पहली पारी में 217 रन ही बना सकी थी. ऑस्ट्रेलिया की टीम फॉलोऑन करते हुए अपनी दूसरी पारी में ये खबर लिखे जाने तक 17 ओवर में 39 रन ही बना पाई है. अबतक भारतीय अंडर 19 टीम अभी भी 238 रन आगे है.
ये भी पढ़ें- कोहली-गिल नहीं, इन 3 अनसंग हीरोज की वजह से मजबूत होती है टीम इंडिया, विराट ने बताया असली हीरो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं