- कर्नाटक के मैसूरु में एक युवक ने इंजीनियर कॉलेज के बाहर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली
- युवक चंदन मालवल्ली तालुक के अलागुडु गांव का रहने वाला है और वह उसी गांव की छात्रा से प्रेम करता था
- छात्रा ने युवक के प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, जिसके बाद युवक ने इस आत्मघाती कदम को अंजाम दिया
कर्नाटक के मैसूरु में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक इंजीनियर कॉलेज के बाहर युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली और एक छात्रा को गले लगाने की कोशिश की. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लड़की को बचाया. लड़की ने युवक के प्रपोजल को ठुकरा दिया था. इसी के बाद युवक ने खुद को आग लगा ली. यह घटना विजयनगर थाना क्षेत्र में स्थित कॉलेज के सामने हुई.
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान चंदन के रूप में हुई है, जो मालवल्ली तालुक के अलागुडु गांव का रहने वाला है. बताया जा रहा है कि वह अपने ही गांव की एक युवती से प्रेम करता था. युवती वर्तमान में विद्यावर्धक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में पढ़ाई करती है. युवती ने चंदन के प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा दिया था. इसके बाद युवक ने कॉलेज के बाहर पहुंचकर खुद पर पेट्रोल डाल लिया और आग लगा ली.
छात्रा की तरफ बढ़ा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगाने के बाद चंदन छात्रा की ओर बढ़ा और उसे गले लगाने की कोशिश की. युवक ने लड़की के पीछे-पीछे दौड़ा और लड़की को मनाने की कोशिश भी की. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों को अलग किया. घटना के दौरान छात्रा को भी मामूली चोटें आईं.
दोनों का इलाज जारी
घायल छात्रा को इलाज के लिए मैसूरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं गंभीर रूप से झुलसे चंदन का इलाज मैसूरु के के.आर. अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद उठाए गए कथित आत्मघाती कदम से जुड़ा बताया जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं