इस समय अमेरिका में हजारों लोगों का पेट खराब हो रहा है, वहां डायरिया या दस्त का प्रकोप फैला हुआ है. अमेरिका की मुख्य स्वास्थ्य एजेंसी ने मंगलवार, 14 जुलाई को बताया कि अमेरिका के आधे से ज्यादा राज्य इस समय पेट और आंतों की बीमारी (गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल बीमारी) के प्रकोप से जूझ रहे हैं. यह बीमारी खाने से फैलने वाले एक पैरासाइट के कारण होती है. सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के अनुसार, 34 राज्यों में साइक्लोस्पोरियासिस (एक सूक्ष्म पैरासाइट से होने वाला संक्रमण) के लगभग 7,000 कन्फर्म या संदिग्ध मामले दर्ज किए गए हैं. इस सबके बीच में रेस्टोरेंट चेन टाको बेल जांच के निशाने पर है, कि कहीं इसी के सलाद से तो यह बीमारी शुरू नहीं हुई. चलिए आपको पूरी बात विस्तार से बताते हैं.
अमेरिका में अभी क्या हो रहा?
CDC के फूडबोर्न, वॉटरबोर्न और एनवायरनमेंटल डिजीज डिवीजन की डिप्टी डायरेक्टर ग्वेन बिगरस्टाफ ने बताया है कि यह बीमारी तब फैलती है जब लोग पैरासाइट से दूषित खाना या पानी खाते-पीते हैं, खासकर ताजी सब्जियां या फल जिन्हें ठीक से धोया या पकाया नहीं गया हो. इसके लक्षणों में तेजी से दस्त होना, भूख न लगना, बुखार और उल्टी आना शामिल हैं. अमेरिका में अबतक 7000 लोगोंं को यह बीमारी हो चुकी है. अमेरिका के कुल 50 राज्यों में से 34 राज्यों में इसके मामले आ चुके हैं यानी यह पूरे अमेरिका में फैल चुका है.
जांच के केंद्र में टाको बेल
अमेरिका के मिशिगन में सबसे अधिक मामले सामने आए हैं. यहां के अधिकारियों को शक है कि यह सलाद और लेट्यूस (सलाद पत्ता) के जरिए फैला है. 'द वाशिंगटन पोस्ट' के अनुसार, स्वास्थ्य अधिकारी देश भर में फैली फास्ट-फूड चेन 'टाको बेल' की भी जांच कर रहे हैं. वे जांच रहे हैं कि क्या टैको बेल में परोसी गई ताजी सब्जियों या फलों की वजह से यह बीमारी फैली है.
'द वॉशिंगटन पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार पिछले हफ्ते डेट्रॉइट इलाके में टैको बेल के कई आउटलेट्स पर ग्राहकों को नोटिस के जरिए जानकारी दी गई कि इस रेस्टोरेंट ने कुछ समय के लिए लेट्यूस, धनिया, प्याज, पिको डी गैलो और ग्वाकामोल सर्व करना बंद कर दिया है. ऐसा 'नेशनवाइड रिकॉल' (पूरे देश में उत्पाद वापस मंगाने की प्रक्रिया) के कारण किया गया. टैको बेल ने इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है.
साइक्लोस्पोरियासिस को समझिए
CDC के अनुसार साइक्लोस्पोरा एक पैरासाइट है जो आंतों को संक्रमित करता है. इससे संक्रमित होने की बीमारी को साइक्लोस्पोरियासिस कहते हैं. आमतौर पर इससे पानी जैसा दस्त, बार-बार मल त्याग और पेट से जुड़ी अन्य समस्याएं होती हैं. यह पैरासाइट आमतौर पर दूषित भोजन या पानी से फैलता है और एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलता. कुछ संक्रमित लोगों में इसके लक्षण दिखाई नहीं भी दे सकते हैं. अमेरिका के जन-स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि साइक्लोस्पोरा के प्रकोप का पता लगाना इसलिए मुश्किल होता है क्योंकि इसके लक्षण अक्सर संक्रमण के संपर्क में आने के कई दिनों बाद दिखाई देते हैं, जिससे मरीजों के लिए यह ट्रैक कर पाना (याद कर पाना) मुश्किल हो जाता है कि उन्होंने क्या खाया-पिया था, किसकी वजह से उन्हें यह बीमारी हुई.
अधिकारियों ने यह भी बताया कि कई संक्रमणों की जानकारी नहीं मिल पाती है क्योंकि कुछ लोग बिना डॉक्टरी इलाज या लैब टेस्ट कराए ही ठीक हो जाते हैं.
यह भी पढ़ें: डॉग ओनर्स के लिए बड़ी चेतावनी, UK के इस PET की कहानी है डरावनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं