- कैलिफोर्निया में UCSB के छात्र विक्रम मुबायी ट्रैकिंग के दौरान लापता हो गए थे, अब उनकी बॉडी मिली है
- विक्रम ने आखिरी बार एक अगस्त की रात को अपने परिवार को जीपीएस लोकेशन भेजी थी और फिर संपर्क टूट गया
- उनकी मौत की परिस्थितियों की जांच जारी है, लेकिन अभी तक किसी आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं
अमेरिका के कैलिफोर्निया में अकेले ट्रैकिंग पर गए भारतीय मूल के एक छात्र की मौत हो गई है. अधिकारियों ने बताया कि कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, सांता बारबरा (UCSB) के स्टूडेंट विक्रम मुबायी वीकेंड में कैलिफोर्निया के बिग पाइन लेक्स इलाके में ट्रैकिंग के दौरान लापता हो गए थे. बाद में उनका शव बरामद किया गया. UCSB के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग में पीएचडी कर रहे विक्रम मुबायी का शव इन्यो नेशनल फॉरेस्ट से मिला. यह जानकारी छात्र अखबार 'डेली नेक्सस' ने दी है.
विक्रम मुबायी ने 1 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे आखिरी बार अपने परिवार से संपर्क किया था. उस समय उन्होंने ट्रैकिंग के रास्ते से अपनी जीपीएस लोकेशन परिवार को भेजी थी. तय समय पर वह अपने कैंप में वापस नहीं लौटे और न ही परिवार से दोबारा संपर्क कर पाए. इसके बाद परिवार ने उनके लापता होने की सूचना दी.
विक्रम मुबायी कौन थे?
विक्रम मुबायी का जन्म और पालन-पोषण हांगकांग में हुआ था. रेडिट पर लिखी एक पोस्ट में उनके परिवार ने बताया कि वह ट्रैकिंग का अच्छा अनुभव रखते थे. छात्रों द्वारा चलाए जाने वाले गैर-लाभकारी संगठन 'इलिनी 4000' की वेबसाइट पर लिखी अपनी जीवनी में विक्रम ने बताया था कि उन्हें खेल और खुली जगहों पर समय बिताना बहुत पसंद था.
उन्होंने लिखा था कि जैसे ही मैंने चलना सीखा, मेरी मां ने मुझे ट्रैकिंग और टेनिस से जोड़ दिया था. उनकी जीवनी से यह भी पता चलता है कि वह साइकिल चलाने में भी काफी अनुभवी थे. UCSB में दाखिला लेने से पहले विक्रम ने 2022 में यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनॉय अर्बाना-शैंपेन (UIUC) से केमिकल इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री हासिल की थी.
UIUC में पढ़ाई के दौरान उन्होंने बर्क लैबोरेटरी में रिसर्च असिस्टेंट के तौर पर काम किया था. इसके अलावा, वह टीचिंग असिस्टेंट भी रहे थे. UCSB में अपने रिसर्च के दौरान विक्रम बैक्टीरिया और ऐसे जैविक तरीकों पर काम कर रहे थे, जिनकी मदद से पौधों के कचरे और प्लास्टिक को तोड़ा जा सके. उनका मकसद पेट्रोलियम के टिकाऊ विकल्प विकसित करना था. यह जानकारी उनकी लिंक्डइन प्रोफाइल से मिली है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं