- अबू धाबी के शाही परिवार की मेंबर महराह अल नाहयान को लंदन में ड्रग्स के नशे में सड़क पर बेसुध पाया गया था
- महराह के साथ तीन साल का बच्चा था, जिसकी देखभाल करने वाला कोई मौजूद नहीं था, वह ट्रैफिक के पास दौड़ रहा था
- बचाव पक्ष ने कहा कि महराह ने उस दिन ड्रग्स नहीं ली थीं, लेकिन यह माना की ड्रग्स लेती हैं
अबू धाबी का शाही परिवार इस समय गलत वजहों से सुर्खियों में है. पश्चिमी लंदन में हद से अधिक कोकीन ड्रग्स लेने के बाद, अबू धाबी के शाही परिवार की एक महिला सड़क पर बेसुध पाई गईं. उससे भी हैरान करने वाली बात यह है कि उनके साथ तीन साल का एक बच्चा भी था, जिसकी देखरेख करने वाला कोई नहीं था. उनके पास एक आदमी भी बेहोश पड़ा था, जबकि वह छोटा बच्चा व्यस्त ट्रैफिक के पास नंगे पैर खेल रहा था. यह तस्वीर अपने आप में हैरान करने वाली थी, डराने वाली थी.
13 जून को लोगों ने 32 साल की महराह अल नाहयान को बेहोशी की हालत में पाया. यह महिला अबू धाबी के शाही परिवार से ताल्लुक रखती हैं. पुलिस के आने तक, उन्हें खोजने वाले लोगों ने ही उस बच्चे की देखभाल की. 'क्लास ए' ड्रग लेने के बाद महराह अल नाहयान ने आधे घंटे तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. होश में आने पर उन्होंने कथित तौर पर परेशान लोगों से ही कह दिया कि, "यह कोई कसाईखाना नहीं है. आप लोग इतनी परवाह क्यों कर रहे हैं? आप इतने परेशान क्यों हैं?"
तलाशी के दौरान अधिकारियों को शाही परिवार की इस मेंबर के पास ड्रग्स लेने से जुड़ी चीजें तो मिलीं, लेकिन कोई ड्रग्स नहीं मिला. यानी जिन चीजों की मदद से ड्रग्स लेते हैं, वह मिलें. इसके बाद उन्हें नशे की लत से उबरने यानी रिहैबिलिटेशन के लिए एक क्लिनिक में भर्ती कराया गया. मंगलवार को अल नाहयान ने साउथवार्क क्राउन कोर्ट में बच्चों की उपेक्षा करने के आरोप को स्वीकार कर लिया. उन्हें हर महीने 8,000 पाउंड का भत्ता मिलता है.

ड्रग्स लेती हैं यह बात मानी, लेकिन कहा उस दिन नहीं लिया था
अल नाहयान के बचाव पक्ष के वकील स्टीफन वुलो केसी ने कहा कि वह मानती हैं कि उस दिन उनसे एक बहुत बड़ी गलती हुई थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस दिन उन्हें पाया गया, उस दिन उन्होंने ड्रग्स नहीं लिए थे. लेकिन पिछले कुछ दिनों में ड्रग्स लेने की वजह से वह बहुत थक गई थीं. वकील ने कहा कि उन्होंने "काफी पछतावा" जताया है और अपनी लत से बाहर निकलने का पक्का इरादा दिखाया है. उन्होंने आगे कहा, "फिलहाल उनका इरादा तीन महीने के एक प्रोग्राम के सभी चरणों को पूरा करने का है, जो इस महीने के अंत में खत्म हो जाएगा."
शाही परिवार से कैसे जुड़ी हैं महराह अल नाहयान?
32 साल की महराह अल नाहयान, अल नाहयान परिवार से जुड़ी हैं. यह परिवार अबू धाबी पर शासन करता है, जो संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को बनाने वाले सात अमीरातों में सबसे बड़ा है. यह अमीरात देश का राजनीतिक केंद्र भी है और यहां के शासक शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान यहीं रहते हैं, जो UAE के राष्ट्रपति हैं.
इस शासक परिवार से महराह अल नाहयान विवाह के जरिए जुड़ी हुई हैं. यह परिवार दुनिया के सबसे धनी और प्रभावशाली परिवारों में से एक है. 'द न्यूयॉर्क पोस्ट' के अनुसार, इस परिवार की अनुमानित संपत्ति लगभग 300 अरब डॉलर है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं