एक ऐसी महारानी जो अकेले फाइटर जेट उड़ाती हैं! यह वाक्य पढ़कर शायद आपको लगे कि हम आपको किसी हॉलीवुड की मूवी का प्लॉट बता रहे हैं. लेकिन ऐसा है नहीं. थाईलैंड की महारानी सुथिदा ने 8 अक्टूबर को थाईलैंड के सूरत थानी प्रांत में रॉयल थाई एयर फोर्स (RTAF) के विंग 7 में पहली बार अकेले साब JAS 39C ग्रिपेन फाइटर चेट उड़ाया है. इस धाकड़ दिलेरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. वैसे भले यह किसी फिल्म की कहानी का हिस्सा नहीं है लेकिन महारानी की अपनी जिंदगी की कहानी किसी फिल्म से कम भी नहीं. एक एयर होस्टेस से थाईलैंड की महारानी बनने तक का उनका सफर कमाल का है. वह सफर हम आपको बताएंगे.
महारानी ने अकेले उड़ाया फाइटर जेट
थाईलैंड के 'ब्यूरो ऑफ द रॉयल हाउसहोल्ड' ने जानकारी दी है कि महारानी सुथिदा फाइटर जेट वाली यह यह उड़ान स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे फुन फिन जिले के एयर बेस से भरी गई. खास बात था कि उनकी इस उड़ान को किंग महा वजिरालोंगकोर्न, RTAF के कमांडर एयर चीफ मार्शल सेक्सन कांथा और विंग 7 के कमांडर ने देखा. यह सोलो फ्लाइट 41 मिनट तक चली. उनके उतरने के बाद, किंग ने उन्हें एक बुके दिया और उसकी बायीं आस्तीन पर एक गोल्डन ग्रिपेन ऑर्डर पैच लगाया.
🇹🇭 VIDEO: Her Majesty Queen Suthida conducting her first solo flight in Saab #Gripen C. #RTAF Wing 7, Surat Thani, October 8th. 📷RTAF #military #aviation https://t.co/s8y5WYgFk7
— Gripen News (@GripenNews) October 8, 2026

महारानी सुथिदा को बुके देते किंग (फोटो- ब्यूरो ऑफ द रॉयल हाउसहोल्ड)
धाकड़ महारानी की कहानी
महारानी सुथिदा 2000 से 2003 तक JALways एयरलाइंस में एयर होस्टेस थीं. बाद में 2003 से 2008 तक उन्होंने थाई एयरवेज के लिए काम किया. हालांकि एयर होस्टेस के तौर पर अपना करियर खत्म होने के बाद उन्होंने एक बिल्कुल अलग रास्ता चुन लिया. 2013 में वह थाईलैंड के 'रचावनलोप गार्ड्स' में शामिल हुईं, जो क्राउन प्रिंस की सुरक्षा करने वाले बॉडीगार्ड्स का एक ग्रुप है. अभी के महाराजा तब क्राउन प्रिंस ही थे और महारानी को उनकी ही रक्षा करनी थी. तब सुथिदा को क्राउन प्रिंस की बॉडीगार्ड रेजिमेंट की स्पेशल ऑफिसर यूनिट में तैनात किया गया था. अगस्त 2015 तक उन्हें प्रमोट करके लेफ्टिनेंट जनरल बना दिया गया. इसके बाद वह रॉयल थाई आर्मी में भी शामिल हुईं और 2016 में उन्हें जनरल के पद पर प्रमोट किया गया.
अक्टूबर 2016 तक उन्हें और क्राउन प्रिंस (अब राजा) को कभी-कभी एक साथ देखा जाने लगा. मई 2019 में महा वजिरालोंगकोर्न ने गद्दी संभालने के तीन दिन पहले सुथिदा से शादी कर ली.
चौथी पत्नी हैं सुथिदा
यहां ध्यान रहे कि सुथिदा किंग वजिरालोंगकोर्न की चौथी पत्नी हैं. उनसे पहले, किंग वजिरालोंगकोर्न की शादियां सोमसावली किटियाकारा (1977 से 1993 तक), सुजारिनी विवाचारावोंगसे (1994 से 1996 तक) और श्रीरास्मी सुवादे (2001 से 2014 तक) से हुई थीं. उनकी पिछली सभी शादियां तलाक पर खत्म हुईं.
एक बात और थाईलैंड में गलती से भी शाही परिवार की बुराई करना बहुत महंगा पड़ सकता है. थाईलैंड में 'लेज़-मैजेस्टी' (राज-अपमान) से जुड़े कड़े कानून हैं, जिनके तहत थाई शाही परिवार के किसी भी सदस्य की बदनामी करना, उनका अपमान करना या उनकी आलोचना करना गैर-कानूनी है. इसके लिए 15 साल तक की जेल की सजा हो सकती है.
यह भी पढ़ें: 16 साल का बच्चा चला रहा था खतरनाक हैकिंग ग्रुप, 2 साल में किए 1000 रैंसमवेयर अटैक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं