VIRAL VIDEO: थाईलैंड की चमचमाती सड़कें और वहां का ट्रैफिक अनुशासन देखकर एक भारतीय दंग रह गया. उसने सोशल मीडिया पर अपना यह अनुभव साझा करते हुए सीधे शब्दों में कहा है कि भारत को इन छोटे शहरों से बहुत कुछ सीखने की जरूरत है. यह वाकया थाईलैंड के चियांग माई (Chiang Mai) शहर का है. वीडियो बनाने वाला शख्स गाड़ियों और सफर से जुड़ा कंटेंट बनाता है. उसने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में दिखाया कि चियांग माई जैसी जगह पर भी कितनी शांति, सफाई और अनुशासन है. हमारे भारतीय शहरों में जहां कदम-कदम पर गाड़ियों का शोर और हॉर्न की कानफाड़ू आवाजें सुनाई देती हैं, वहीं यहां की व्यस्त सड़कों पर भी सन्नाटा और अनुशासन था. उसने कहा कि हमारे देश में ऐसा कब होगा.
थाईलैंड का अनुशासन देखकर शॉक में इंडियन
वीडियो में कंटेंट क्रिएटर अक्षत श्रीवास्तव सड़क किनारे बैठकर दिखाता है, "मैं थाईलैंड के एक छोटे शहर में हूं, बैंकाक या फुकेत जैसे बड़े महानगर में नहीं. फिर भी यहां सड़क किनारे रत्ती भर कूड़ा नहीं है और न ही कोई बेवजह हॉर्न बजा रहा है. सब कायदे से गाड़ियां चला रहे हैं." तभी वहां जेब्रा क्रॉसिंग पर एक पैदल यात्री को रास्ता देने के लिए एक चमचमाती टेस्ला कार रुकती है और अपनी हैजार्ड लाइट्स ऑन कर लेती है. यह देखकर वह भारतीय ब्लॉगर बोल पड़ता है, "क्या कमाल का सिविक सेंस है. वाकई लाजवाब."
सरकार नहीं, बदलाव हमसे शुरू होगा
इस ब्लॉगर का मानना है कि बुनियादी ढांचा खड़ा कर देने से देश नहीं बदलता, जब तक लोग खुद को न बदलें. उसने कहा, "मैंने यहां के चियांग राय जैसे इलाकों का भी दौरा किया. मुख्य पर्यटन केंद्रों से दूर भी लोग बेहद सलीके से रहते हैं. मैं यह नहीं कहता कि थाईलैंड में कोई कमी नहीं है, हर देश की अपनी समस्याएं होती हैं. लेकिन थाईलैंड, वियतनाम और श्रीलंका जैसे पड़ोसियों से हमें तमीज और अनुशासन जरूर सीखना चाहिए."
वह आगे कहता है, "सफाई रखना, पैदल चलने वालों का सम्मान करना और कचरा न फैलाना सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है. यह जिम्मेदारी हमारी और आपकी है. भारत के पास पैसा है, हुनर है और तरक्की का दम भी है. लेकिन जब तक जनता सहयोग नहीं करेगी, तब तक सड़कें और शहर साफ नहीं हो सकते. असल दिक्कत यह नहीं है कि भारत बदल नहीं सकता, दिक्कत यह है कि हम खुद को बदलना ही नहीं चाहते."
यह भी पढ़ें | पूरी दुनिया को बादाम खिलाता है शख्स, घास काटने से शुरू हुआ बिजनेस, कहलातें हैं 'आलमंड किंग'
इंटरनेट पर लोगों ने क्या कमेंट किए?
इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स भी जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. हालांकि, कुछ लोगों ने टोकते हुए लिखा कि चियांग माई कोई छोटा गांव नहीं बल्कि थाईलैंड का दूसरा सबसे बड़ा शहर है, लेकिन वहां के लोगों का सिविक सेंस वाकई लाजवाब है. एक यूजर ने लिखा, "मैं पिछले साल वहां गया था. वहां के लोग बेहद खुशमिजाज और मददगार हैं. जिंदगी जीने का वहां अलग ही मजा है." वहीं, कुछ लोगों का यह भी मानना था कि कम आबादी और साक्षरता दर की वजह से वहां चीजों को संभालना ज्यादा आसान है.
यह भी पढ़ें | शादी के दिन खेत में पलटी कार, सिर से लेकर पैर तक कीचड़ में सन गई प्रेग्नेंट दुल्हन; वीडियो वायरल
यह भी पढ़ें | भारत में है 'OD' नाम का रेलवे स्टेशन, सिर्फ 2 अक्षरों का है नाम; जानिए कहां है और क्या हैं सुविधाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं