विज्ञापन

रेकी किया, फिर व्हाइट हाउस पहुंचा... गोलीबारी करने वाले शख्स की तस्वीर आई सामने, सीक्रेट सर्विस ने मार गिराया

अमेरिका में व्हाइट हाउस के बाहर रविवार को गोलीबारी हुई, उस वक्‍त राष्ट्रपति ट्रंप अंदर ही मौजूद थे. हमलावर, सुरक्षाकर्मियों की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ।

रेकी किया, फिर व्हाइट हाउस पहुंचा... गोलीबारी करने वाले शख्स की तस्वीर आई सामने, सीक्रेट सर्विस ने मार गिराया

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास हुई फायरिंग ने शनिवार रात सनसनी फैला दी. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उस वक्त व्हाइट हाउस परिसर के अंदर मौजूद थे, तभी गोलियों जैसी आवाज सुनाई दी और पूरा इलाका कुछ ही मिनटों में सुरक्षा घेरे में बदल गया. अब इस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. संदिग्ध हमलावर की पहचान 21 वर्षीय नसीरे बेस्ट के तौर पर हुई है. उसकी तस्वीर भी पहली बार सामने आई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावर ने व्हाइट हाउस के बेहद करीब पहुंचकर फायरिंग की कोशिश की, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और मार गिराया.

घटना के बाद व्हाइट हाउस का नॉर्थ लॉन खाली करा लिया गया. सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स, स्नाइपर्स और भारी सुरक्षा बल पूरे इलाके में तैनात कर दिए गए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस की छत पर काउंटर स्नाइपर्स भी सक्रिय कर दिए गए थे ताकि किसी भी बड़े खतरे को तुरंत रोका जा सके.

सीक्रेट सर्विस के बयान के मुताबिक, 17वीं स्ट्रीट और पेंसिलवेनिया एवेन्यू के पास एक व्यक्ति ने अपने बैग से हथियार निकाला और फायरिंग शुरू कर दी. सीक्रेट सर्विस पुलिस ने जवाबी फायर किया और संदिग्ध को गोली लगी. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. इस गोलीबारी में एक राहगीर को भी गोली लगी.

हमलावर की तस्वीर आई सामने, एजेंसियां खंगाल रहीं पूरा नेटवर्क

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नसीरे बेस्ट नाम का युवक इस पूरी घटना के केंद्र में है. हालांकि एजेंसियों ने अभी तक उसके मकसद को लेकर आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां उसके बैकग्राउंड और संपर्कों की जांच में जुट गई हैं. बताया जा रहा है कि फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए आसपास की आवाजाही रोक दी गई.

सीक्रेट सर्विस ने अपने बयान में कहा कि 17वीं स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू नॉर्थवेस्ट के पास गोली चलने की रिपोर्ट मिली थी. एजेंसी ने कहा कि मौके पर मौजूद टीमों से जानकारी जुटाई जा रही है और जांच जारी है. इसी इलाके के पास व्हाइट हाउस परिसर स्थित है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियों ने किसी तरह का जोखिम लेने से इनकार कर दिया.

FBI भी मौके पर पहुंची, कई एजेंसियां जांच में शामिल

एफबीआई निदेशक काश पटेल ने भी घटना की पुष्टि की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि एफबीआई की टीम मौके पर मौजूद है और सीक्रेट सर्विस के साथ मिलकर जांच कर रही है. अधिकारियों का फोकस इस बात पर है कि आखिर हमलावर व्हाइट हाउस के इतने करीब तक कैसे पहुंचा और उसके पास हथियार कैसे आया.

सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग की घटना के तुरंत बाद इलाके को सील कर दिया गया था. कई संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई और आसपास लगे सुरक्षा कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमलावर अकेला था या उसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ है.

हालिया घटनाओं के बाद बढ़ी चिंता

यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिका में राष्ट्रपति ट्रंप की सुरक्षा को लेकर पहले से ही सतर्कता बढ़ाई गई है. हाल ही में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर से जुड़ी कथित हत्या की साजिश का मामला भी सामने आया था.

इसी महीने अमेरिका की अटॉर्नी जीनिन पिरो ने उस कथित हमले से जुड़ा वीडियो भी जारी किया था, जिसमें एक आरोपी द्वारा सीक्रेट सर्विस अधिकारी पर गोली चलाने का दावा किया गया था.

यह भी पढ़ें: चीन और रूस मिलकर तोड़ने जा रहे अमेरिका का साइंस और टेक वाला दबदबा? पुतिन-जिनपिंग ने बना लिया प्लान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com