विज्ञापन

हमले की कोशिश या कुछ और... व्हाइट हाउस के बाहर कार क्रैश, लगा लॉकडाउन, सीक्रेट एजेंट्स से भी भिड़ा आरोपी

व्हाइट हाउस के बाहर स्थित लाफायेट स्क्वायर में एक कार साइनपोस्ट से टकराने के बाद सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया और व्हाइट हाउस को कुछ समय के लिए लॉकडाउन करना पड़ा. घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप परिसर के अंदर मौजूद थे। टक्कर के बाद चालक की सीक्रेट सर्विस और नेशनल गार्ड के जवानों से झड़प हुई.

हमले की कोशिश या कुछ और... व्हाइट हाउस के बाहर कार क्रैश, लगा लॉकडाउन, सीक्रेट एजेंट्स से भी भिड़ा आरोपी

अमेरिका की सत्ता के सबसे सुरक्षित ठिकाने व्हाइट हाउस के बाहर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार तेजी से आकर साइनपोस्ट से टकरा गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया और व्हाइट हाउस को कुछ समय के लिए लॉकडाउन करना पड़ा. उस वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी व्हाइट हाउस परिसर के अंदर मौजूद थे.

वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के ठीक सामने स्थित लाफायेट स्क्वायर (Lafayette Square) में सोमवार सुबह यह घटना हुई. न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, एक सिल्वर रंग की सेडान कार स्क्वायर के उत्तरी हिस्से में बने पक्के क्षेत्र में जा घुसी और वहां लगे एक साइनपोस्ट से टकरा गई.

ड्राइवर ने सीक्रेट एजेंट के साथ की हाथापाई

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में देखा गया कि टक्कर के बाद कार से धुआं निकल रहा था. इसी बीच चालक वाहन से बाहर निकला और मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों के साथ उसकी झड़प हो गई. बताया गया कि चालक की अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों और नेशनल गार्ड के जवानों के साथ हाथापाई हुई.

घटना सुबह करीब 10 बजे हुई. इसके तुरंत बाद अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने व्हाइट हाउस प्रेस कॉर्प्स के सदस्यों को अंदर जाने और वहीं रहने का निर्देश दिया. सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया और एहतियातन व्हाइट हाउस परिसर को अस्थायी रूप से लॉकडाउन कर दिया गया.

कुछ देर की कार्रवाई के बाद चालक को हिरासत में ले लिया गया. हालांकि अधिकारियों ने अभी तक उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है. यह भी साफ नहीं हो पाया है कि कार के साइनपोस्ट से टकराने के पीछे क्या वजह थी और यह हादसा था या जानबूझकर की गई कार्रवाई.

आवाजाही पर फिलहाल प्रतिबंध

लाफायेट स्क्वायर व्हाइट हाउस के सामने स्थित एक प्रमुख सार्वजनिक स्थान है और सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है. इसी वजह से घटना के बाद आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई तथा आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध लगाए गए.

फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि इस घटना में कोई घायल हुआ है या नहीं. अधिकारियों की जांच जारी है और मामले से जुड़ी अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: अमेरिकी कंपनी के सीईओ का हुआ हनीट्रैप: चीन ने किया इनकार; जानिए हाईप्रोफाइल केस की हर परत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
White House, Donald Trump
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com