विज्ञापन

किम जोंग-उन की चीन यात्रा की अटकलों के बीच दक्षिण कोरिया सतर्क

दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी भी इस संभावित यात्रा से जुड़े घटनाक्रमों पर करीबी नजर रखे हुए है. राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार दोनों स्थितियों के लिए तैयारी कर रही है, चाहे किम चीन जाएं या न जाएं.

किम जोंग-उन की चीन यात्रा की अटकलों के बीच दक्षिण कोरिया सतर्क
किम जोंग उन की चीन यात्रा अभी कंफर्म नहीं की गई है.
  • दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी भी किम की संभावित चीन यात्रा पर करीबी नजर रखे हुए है और आवश्यक तैयारी कर रही है
  • ली ने बताया कि उत्तर कोरिया फिलहाल दक्षिण कोरिया से बातचीत नहीं कर रहा, लेकिन तनाव कम करने की कोशिश जारी है
  • ली ने कहा कि दक्षिण कोरिया को अपनी सैन्य संप्रभुता पूरी तरह हासिल करनी चाहिए और इसके लिए उपाय करने चाहिए

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने रविवार को कहा कि उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन की चीन यात्रा की संभावना है, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हाल के दिनों में ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि किम जोंग-उन अगले महीने की शुरुआत में चीन जा सकते हैं और वहां चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ शिखर बैठक कर सकते हैं.

खुफिया इनपुट क्या है

योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी भी इस संभावित यात्रा से जुड़े घटनाक्रमों पर करीबी नजर रखे हुए है. चेओंग वा डे (राष्ट्रपति भवन) में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ली ने कहा, "इसकी संभावना तो है, लेकिन अभी कुछ तय नहीं हुआ है. उनके कार्यालय के पास मौजूद खुफिया जानकारी भी यही संकेत देती है." राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार दोनों स्थितियों के लिए तैयारी कर रही है, चाहे किम चीन जाएं या न जाएं. उन्होंने कहा कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है और सरकार हालात का पूरी तरह आकलन कर जरूरी कदम उठाएगी.

दक्षिण कोरिया क्या चाहता है

ली ने कहा कि उत्तर कोरिया फिलहाल दक्षिण कोरिया के साथ बातचीत नहीं करने की नीति पर चल रहा है, इसलिए सोल के पास सीधे हस्तक्षेप की ज्यादा गुंजाइश नहीं है. हालांकि, उनकी सरकार ऐसे माहौल बनाने की पूरी कोशिश करेगी जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और दुश्मनी न बढ़े. राष्ट्रपति ने कहा कि कई ऐसे कारक हैं, जिनकी वजह से यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि उत्तर कोरिया और चीन के नेता निकट भविष्य में शिखर बैठक करेंगे या नहीं, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों कोरिया के बीच तनाव कम करना हर हाल में जरूरी है. उन्होंने कहा, "अगर ऐसी शिखर बैठक होती है तो यह हमारे लिए अच्छी बात होगी और हम अपनी तरफ से जो भी भूमिका निभा सकते हैं, निभाएंगे. किसी भी स्थिति में दोनों कोरिया के बीच तनाव और टकराव कम करना सबसे महत्वपूर्ण है."

ओपीकॉन पर फोकस

पत्रकारों से बातचीत के दौरान ली ने एक बार फिर अपनी सरकार की उस प्रतिबद्धता को दोहराया, जिसके तहत युद्धकालीन सैन्य संचालन नियंत्रण (ओपीकॉन) को अमेरिका से वापस दक्षिण कोरिया को सौंपा जाना है. उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि ओपीकॉन बिना किसी देरी के जल्द से जल्द वापस मिलना चाहिए और सरकार उसी दिशा में काम कर रही है." ली ने कहा कि दक्षिण कोरिया अब ऐसी स्थिति में है जहां उसे अपनी सैन्य संप्रभुता किसी दूसरे देश को सौंपने या उस पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा क‍ि हमें यह लक्ष्य हासिल करना चाहिए और अगर किसी वजह से यह नहीं हो पाता, तो हमें ऐसे रास्ते तलाशने चाहिए जिससे इसे संभव बनाया जा सके.

यह भी पढ़ें | शेफ की इस खास ट्रिक से सिर्फ 30 मिनट में तैयार होगा सरसों का साग और मक्के की रोटी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kim Jong Un, Kim Jong Un China Visit, North Korea, South Korea, Kim China Visit
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com