उत्तर कोरिया के तानाशाह नेता किम जोंग उन को लेकर कुछ समय पहले सोशल मीडिया और इंटरनेट पर उनकी मौत को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. हालांकि बाद में उत्तर कोरिया ने उनकी तस्वीरें जारी कर इन दावों को खारिज कर दिया था. अब इन अटकलों पर पूरी तरह विराम लगाते हुए किम जोंग उन का एक वीडियो सामने आया है. खास बात यह है कि मौत की अफवाहों के बाद यह पहला मौका है जब किम को वीडियो में सार्वजनिक रूप से देखा गया है.
उत्तर कोरिया के सरकारी प्रसारक KCTV ने किम जोंग उन के एक निर्माणाधीन स्की रिजॉर्ट के दौरे का वीडियो जारी किया है. यह रिजॉर्ट देश के उत्तरी हिस्से में स्थित रयांगगांग प्रांत के समजियॉन पर्यटन क्षेत्र में तैयार किया जा रहा है. वीडियो और तस्वीरों में किम काफी सहज और खुश नजर आ रहे हैं.
हाथ में सिगरेट, आंखों में धूप का चश्मा
मंगलवार को जारी तस्वीरों में किम जोंग उन एक कुर्सी पर बैठे दिखाई देते हैं. उनके हाथ में सिगरेट है, आंखों पर धूप का चश्मा लगा है और चेहरे पर मुस्कान साफ देखी जा सकती है. उनके पीछे उनकी पत्नी री सोल जू खड़ी नजर आती हैं. उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी KCNA के अनुसार, किम अपने परिवार और सत्तारूढ़ पार्टी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रविवार और सोमवार को चीन सीमा के नजदीक स्थित इस पर्यटन क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे थे.
दौरे के दौरान किम ने स्की सेंटर, होटल और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया. सरकारी मीडिया के मुताबिक उन्होंने निर्माण कार्य की तारीफ करते हुए कहा कि सभी इमारतें बेहद शानदार ढंग से बनाई गई हैं और उनकी गुणवत्ता बेहतरीन है. रिपोर्ट में कहा गया कि इलाके की खूबसूरत वादियों और मनमोहक नजारों को देखकर किम काफी खुश हुए.

बेटी भी दिखी साथ
इस दौरे की एक और तस्वीर ने लोगों का ध्यान खींचा. तस्वीर में किम की बेटी जू-ए स्कीइंग करती दिखाई देती हैं. वह सफेद रंग की पोशाक में बर्फीली ढलान पर स्की करती नजर आती हैं. दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी पहले कह चुकी है कि जू-ए को भविष्य में किम जोंग उन के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में तैयार किया जा रहा है. ऐसे में उनकी सार्वजनिक मौजूदगी को खास महत्व दिया जा रहा है.
किम का यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब चीन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग संगठन (APEC) का शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. चूंकि समजियॉन क्षेत्र चीन की सीमा के करीब है, इसलिए कुछ हलकों में यह चर्चा भी शुरू हुई कि क्या किम किसी तरह सम्मेलन से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने वाले हैं. हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि इसकी संभावना बेहद कम है. समजियॉन और शेनझेन के बीच सीधी दूरी करीब 2,500 किलोमीटर से ज्यादा है.
यह भी पढ़ें: शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में तनाव, ढाका एयरपोर्ट के पास फटे बम, सड़क पर उतरे उपद्रवी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं