विज्ञापन

अब परीक्षाओं में चीटिंग भी कराने लगा एआई, टॉपर के अंक देख चौंक गए लोग और फिर...

प्रधानमंत्री हान सियोंग-सूक ने शुक्रवार को AI की मदद से की गई नकल को लेकर जनता की चिंताओं को स्वीकार किया. इस घोटाले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है.

अब परीक्षाओं में चीटिंग भी कराने लगा एआई, टॉपर के अंक देख चौंक गए लोग और फिर...
दक्षिण कोरिया में इस खुलासे से हड़कंप मचा हुआ है. (फोटो-एनडीटीवी)
  • हान ने माइक्रो-कैमरे से सवालों की तस्वीर लेकर AI टूल से जवाब प्राप्त कर स्मार्टफोन पर देखे थे
  • इस घोटाले की जांच सियोल मेट्रोपॉलिटन पुलिस एजेंसी के हाथों में है और उम्मीदवार ने लिखित कुबूलनामा सौंपा है
  • यह मामला दक्षिण कोरिया की सामाजिक स्थिति और करियर निर्धारण में मानकीकृत परीक्षाओं के महत्व को उजागर करता है

इस साल दक्षिण कोरिया में टैक्स अकाउंटेंट बनने के लिए आयोजित राष्ट्रीय परीक्षा में टॉप करने वाले उम्मीदवार के अंक इतने अच्छे थे कि उन पर यकीन करना मुश्किल था. रविवार को तब लोगों का शक सच साबित हो गया, जब उसने खुद मान लिया कि उसने परीक्षा में नकल करने के लिए 'जेनरेटिव AI' का इस्तेमाल किया था.

अप्रैल और जुलाई में हुई दो परीक्षाओं में, सैकड़ों सवालों के जवाब में उसने लगभग पूरे अंक हासिल किए थे, जिसके बाद कई महीनों तक इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. इस घटना ने दक्षिण कोरिया में इस गुरुवार को होने वाली कॉलेज प्रवेश परीक्षा के आयोजकों की चिंताएं भी बढ़ा दी हैं.

'अटॉर्नी ली डॉन-हो' नाम के यूट्यूब चैनल पर माफी मांगते हुए, 'हान' उपनाम वाले इस उम्मीदवार ने कहा, "मैंने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और जेनरेटिव AI का इस्तेमाल करके नकल की थी. परीक्षा में टॉप करना मेरी अपनी मेहनत का नतीजा नहीं था."

अप्रैल और जुलाई में आयोजित क्वालिफिकेशन परीक्षा के दोनों राउंड में पहले स्थान पर रहे हान ने अपने वकील के जरिए कबूल किया कि उसने परीक्षा के दौरान जवाब पाने के लिए AI का इस्तेमाल किया था. उसने बताया कि उसने एक माइक्रो-कैमरे से परीक्षा के सवालों की फोटो ली, उन्हें एक AI टूल को भेजा और फिर स्मार्टफोन पर उनके जवाब देख लिए.

पहले राउंड में 400 में से 397.5 अंक लाने (जिसमें 160 सवालों में से केवल एक गलत था) के बाद, उस पर स्मार्ट ग्लास का इस्तेमाल करके नकल करने के आरोप लगे थे, जिन्हें उसने शुरुआत में नकार दिया था.

नकल की बात कुबूल ली

चेहरे पर मास्क लगाकर कैमरे के सामने बोलते हुए, हान ने कहा कि उसने सियोल पुलिस को अपना लिखित कबूलनामा सौंप दिया है. सियोल मेट्रोपॉलिटन पुलिस एजेंसी ने कहा, "हमें आज सुबह परीक्षा देने वाले व्यक्ति के वकील के जरिए टैक्स अकाउंटेंट परीक्षा में नकल करने के बारे में एक लिखित कबूलनामा मिला है." उन्होंने बताया कि यह मामला जांचकर्ताओं को सौंप दिया गया है.

इस घोटाले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है, जहां स्टैंडर्डाइज्ड परीक्षाएं (मानकीकृत परीक्षाएं) काफी हद तक लोगों की सामाजिक स्थिति और करियर की दिशा तय करती हैं. यह घटना गुरुवार को होने वाली सालाना राष्ट्रीय कॉलेज प्रवेश परीक्षा से कुछ दिन पहले सामने आई है. यह एक बहुत ही दबाव वाली परीक्षा होती है, जिसके लिए दक्षिण कोरिया के कई छात्रों ने अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा तैयारी में बिताया होगा.

राष्ट्रपति-पीएम सब चिंतित

राष्ट्रपति कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को पत्रकारों को बताया, "राष्ट्रपति कार्यालय इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रहा है. चूंकि अगले हफ्ते कॉलेज प्रवेश परीक्षा है, इसलिए हम इससे निपटने के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं."

अधिकारी ने कहा कि सर्टिफाइड पब्लिक अकाउंटेंट परीक्षा में नकल की खबरें चिंताजनक हैं. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए राष्ट्रपति कार्यालय के नीति प्रमुख (चीफ ऑफ स्टाफ फॉर पॉलिसी) आज दोपहर एक आपातकालीन बैठक बुलाएंगे.

प्रधानमंत्री हान सियोंग-सूक ने शुक्रवार को AI की मदद से की गई नकल को लेकर जनता की चिंताओं को स्वीकार किया. उनके कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि सरकार "पहले से पूरी तैयारी करेगी और पूरी प्रक्रिया पर अंत तक कड़ी नजर रखेगी, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कॉलेज प्रवेश परीक्षा निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न हो."

यह भी पढ़ें | पहली डेट पर लड़कों की इन 6 बातों पर नजर रखती हैं लड़कियां, रिलेशनशिप कोच ने बताया पहले ही कर लें तैयारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cheating, Cheating In Exams, Cheating In Exams Using AI, South Korea, AI News Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com