विज्ञापन

'हमारी सैन्य ताकत आत्मरक्षा के लिए है, क्षेत्रीय दबदबा हमारा टारगेट नहीं', बोले कोरियाई नेता किम जोंग उन

उत्तर कोरिया के लीडर किम जोंग उन ने कहा कि उनका देश सैन्य ताकत आत्मरक्षा के लिए बढ़ा रहा है. उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया विस्तार नहीं चाहता और संप्रभुता का सम्मान करने वाले सभी देशों से दोस्ती को तैयार है.

'हमारी सैन्य ताकत आत्मरक्षा के लिए है, क्षेत्रीय दबदबा हमारा टारगेट नहीं', बोले कोरियाई नेता किम जोंग उन
किम जोंग उन ने कहा- हम सर्वोच्चता नहीं चाहते.
(Photo: Yonhap via IANS)

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने अपनी बढ़ती सैन्य ताकत को आत्मरक्षा के लिए उठाया गया कदम करार दिया है. उन्होंने कहा है कि उनका देश क्षेत्रीय सर्वोच्चता हासिल करने या दूसरे देशों के क्षेत्रों का विस्तार करने की ख्वाहिश नहीं रखता. उन्होंने देश के बढ़ते हथियार भंडार और सैन्य क्षमताओं का बचाव करते हुए इसे संप्रभु अधिकार और आत्मरक्षा की जरूरत बताया है. उत्तर कोरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी केसीएनए की रिपोर्ट के मुताबिक, किम ने रविवार को प्योंगयांग में 10 देशों के नवनियुक्त राजदूतों से परिचय पत्र स्वीकार करने के दौरान यह बयान दिया.

किम जोंग उन ने कहा, "दुनिया लगातार अस्थिर और अप्रत्याशित होती जा रही है. कुछ देश अंतरराष्ट्रीय कानून और दूसरे देशों की संप्रभुता का सम्मान करने के बजाय अपने हितों को प्राथमिकता दे रहे हैं. ऐसे हालात में उत्तर कोरिया के सामने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सैन्य ताकत और क्षमताओं को मजबूत करना जरूरी है."

उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया की सुरक्षा स्थिति और पूर्वी एशिया का राजनीतिक एवं सैन्य माहौल ऐसी मांग करता है कि देश के पास अपनी सुरक्षा और शांति के प्रति भरोसा कायम रखने के लिए पर्याप्त ताकत हो.

'दबाव और जबरदस्ती से लेना-देना नहीं...'

किम ने साफ तौर से कहा कि उत्तर कोरिया की सैन्य और विदेश नीति रक्षात्मक है. उन्होंने कहा, "डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया न तो सर्वोच्चता हासिल करना चाहता है और न ही विस्तार की नीति अपनाता है. दबाव और जबरदस्ती का हमारी विदेश नीति से कोई लेना-देना नहीं है."

उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया उन सभी देशों के साथ दोस्ती और सहयोग के संबंध मजबूत करने के लिए तैयार है, जो उसकी संप्रभुता का सम्मान करते हैं और उसके प्रति मित्रतापूर्ण रवैया रखते हैं.

इस समारोह में उत्तर कोरिया की विदेश मंत्री चो सोन हुई भी मौजूद थीं. किम ने रूस, स्वीडन, इंडोनेशिया, वियतनाम, ब्राजील, चेक गणराज्य, भारत, फिलीपींस, थाईलैंड और बांग्लादेश के नवनियुक्त राजदूतों से परिचय पत्र स्वीकार किए.

यह भी पढ़ें | आंखों में सनग्लासेस, हाथ में सिगरेट... मौत की अफवाहों के बीच किम जोंग का वीडियो, बेटी के साथ स्की करते आए नजर

यह भी पढ़ें | ट्रंप-जिनपिंग-पुतिन की मीटिंग अगले सप्ताह, व्हाइट हाउस ने किया कन्फर्म; बातचीत में इन मुद्दों पर रहेगा फोकस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
North Korea, Kim Jong Un, Military Power North Korea, Self Defence, World Order
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com