विज्ञापन

गोलीबारी से दहल उठा दक्षिण अफ्रीका, रात के अंधेरे में झुग्गी पर हमला- 12 की मौत

दक्षिण अफ्रीका की पुलिस ने बताया कि 10 हथियारबंद लोग आए और झुग्गी बस्ती को दोनों तरफ से घेरकर फायरिंग शुरू कर दी. अभी तक 12 लोग मारे गए हैं.

गोलीबारी से दहल उठा दक्षिण अफ्रीका, रात के अंधेरे में झुग्गी पर हमला- 12 की मौत
South Africa Shootout: जोहान्सबर्ग के पास एक झुग्गी बस्ती में हमला (प्रतिकात्मक फोटो- NDTV)

दक्षिण अफ्रीका हथियारबंद हमलावरों ने रात के अंधेरे में 12 लोगों की एक साथ गोली मारकर हत्या कर दी है. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार दक्षिण अफ्रीका की पुलिस ने बताया कि जोहान्सबर्ग के पास एक झुग्गी बस्ती में हथियारबंद लोगों ने रात के दौरान हमला कर 12 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी. यह अपराध से परेशान इस देश में हाल के बड़े सामूहिक गोलीकांडों में से एक है. दक्षिण अफ्रीका में हर दिन औसतन 60 से ज्यादा हत्याएं दर्ज की जाती हैं.

आखिर हुआ क्या?

रिपोर्ट के अनुसार पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह हमला मंगलवार रात 11 बजे के कुछ समय बाद हुआ. 10 से ज्यादा हथियारबंद लोग गाड़ी से आए और उन्होंने बस्ती में घुसकर हमला किया. पुलिस प्रवक्ता ने कहा, “संदिग्ध लोग कथित तौर पर बस्ती के दोनों गेट से अंदर आए और पूरे इलाके में घूमते हुए कई जगहों पर निवासियों और समुदाय के लोगों पर गोलीबारी की. इसके बाद वे उसी गाड़ी में बैठकर भाग गए.”

कर्नल डिमाकात्सो नेवहुहुल्वी ने कहा, “प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इस हमले में 12 लोगों की मौत हुई है.” उन्होंने बताया कि 8 पुरुष और 3 महिलाएं घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दी गईं. एक अन्य व्यक्ति की बाद में अस्पताल में मौत हो गई. यह हमला क्लीवलैंड नामक इलाके में हुआ, जो जोहान्सबर्ग शहर के केंद्र से लगभग 6 किलोमीटर पूर्व में स्थित है.

कर्नल नेवहुहुल्वी ने कहा कि हमले का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

बता दें कि दक्षिण अफ्रीका में कानूनी और अवैध दोनों तरह के हथियार बड़ी संख्या में मौजूद हैं. वहां गोलीबारी की घटनाएं आम हैं, जो अक्सर गैंगवार और अनौपचारिक कारोबारों के बीच कंपटीशन के कारण होती हैं.

यह भी पढ़ें: एक वायरल वीडियो और जल उठा उत्तरी आयरलैंड, प्रवासियों के खिलाफ दंगाई क्यों बनी नकाबपोश भीड़?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
South Africa, Shootout, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com