विज्ञापन

अक्षय कुमार की 'स्पेशल 26' से लिया आइडिया! नकली GST टीम बनाकर की 29 लाख की वसूली, 5 गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में GST अधिकारी और पुलिसकर्मी बनकर GST कंसल्टेंट से लूट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. 

अक्षय कुमार की 'स्पेशल 26' से लिया आइडिया! नकली GST टीम बनाकर की 29 लाख की वसूली, 5 गिरफ्तार
GST कंसल्टेंट से लूट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. 

ग्रेटर नोएडा में अक्षय कुमार की चर्चित फिल्म स्पेशल 26 जैसी योजना बनाकर की गई 29 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. बिसरख थाना पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने खुद को GST अधिकारी और पुलिसकर्मी बताकर एक GST कंसल्टेंट को कार में बंधक बनाया और डराकर उससे लाखों रुपये वसूल लिए. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पूरी लूटी गई रकम, सोने के आभूषण, वर्दियां और मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

GST जांच के नाम पर रोकी कार

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह के अनुसार, 20 जुलाई को बिसरख क्षेत्र निवासी संदीप अपनी कार से जा रहे थे. इसी दौरान एक वाहन ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया. आरोपियों ने खुद को GST विभाग का अधिकारी बताया और उनसे GST से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी. गिरोह में शामिल दो आरोपी पुलिस की वर्दी पहने हुए थे, जिससे संदीप को शक नहीं हुआ. इसके बाद आरोपियों ने उन्हें अपनी कार में बैठा लिया और अपने साथ ले गए.

पुलिस द्वारा जब्त किया गया सामान.

पुलिस द्वारा जब्त किया गया सामान.

सात घंटे तक बंधक बनाकर बनाया दबाव

आरोपियों ने संदीप को यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते जेवर की ओर ले जाते हुए कहा कि उन्हें पूछताछ के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा है. कार में करीब सात घंटे तक उन्हें बंधक बनाकर रखा गया. इस दौरान आरोपियों ने कार्रवाई का डर दिखाते हुए 50 लाख रुपये की मांग की. लंबी बातचीत के बाद सौदा 29 लाख रुपये पर तय हुआ. आरोपियों ने संदीप के परिजनों से संपर्क कराया और उनके भाई से 29 लाख रुपये मंगवा लिए. रकम मिलने के बाद आरोपी उन्हें छोड़कर फरार हो गए.

ढाई साल तक की रेकी, फिर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले लगभग ढाई वर्षों से पीड़ित की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे. उन्हें जानकारी थी कि पीड़ित GST से जुड़े कार्य करता है. इसी आधार पर उन्होंने फर्जी GST अधिकारियों की पूरी कहानी तैयार की और वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के मुताबिक यह पूरी घटना बेहद सुनियोजित थी. आरोपियों ने पहचान छिपाने और पीड़ित को डराने के लिए वर्दियों का इस्तेमाल किया.

पूरी रकम और वर्दियां बरामद

पुलिस ने बिजनौर निवासी कशिश चौहान, दिल्ली निवासी राजेश पवार, मथुरा निवासी विवेक शर्मा, देवरिया निवासी अंकित शाही और एटा निवासी अंशुल को गिरफ्तार किया है. कशिश चौहान को गिरोह का मुख्य आरोपी बताया गया है. आरोपियों के कब्जे से 24.50 लाख रुपये नकद, करीब 4.50 लाख रुपये के सोने के आभूषण, पुलिस सब इंस्पेक्टर की वर्दी, दिल्ली डिफेंस फोर्स की वर्दी और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस का दावा है कि लूटी गई पूरी रकम की रिकवरी कर ली गई है. मामले में आगे की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें- 'न ठीक से जवाब दे पाए, न पैसों के बारे में बता पाए', जस्टिस वर्मा पर जांच कमेटी की रिपोर्ट क्या कहती है?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Greater Noida Theft Case, GST Theft Latest News, Special 26 Style Robbery, Noida Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com