उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में प्रेम संबंध का एक दर्दनाक अंत सामने आया है. खुर्जा कोतवाली क्षेत्र की शिवलोक कॉलोनी में देर रात एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध थे और महिला अक्सर उससे मिलने आती थी. घटना वाली रात भी महिला प्रेमी से मिलने उसके किराए के कमरे पर पहुंची थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा. गुस्से में युवक ने महिला पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस जांच में जुट गई.
प्रेमी से मिलने पहुंची थी महिला
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान नेहरूपुर गांव निवासी बेबी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि बेबी और गांव के ही रहने वाले अजीत के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध थे. अजीत फिलहाल खुर्जा की शिवलोक कॉलोनी में किराए के कमरे में रह रहा था. स्थानीय लोगों के मुताबिक बेबी अक्सर उससे मिलने वहां आती थी. देर रात भी बेबी अजीत से मिलने उसके कमरे पर पहुंची थी. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई.
थाना खुर्जा नगर क्षेत्र के शिवलोक कॉलोनी में एक महिला की हत्या की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ कि अजीत निवासी नेहरूपुर ने विवाद के दौरान चाकू से वार कर बेबी नाम की महिला की हत्या कर दी। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। अभियुक्त अजीत… pic.twitter.com/56s4T6W6pr
— Bulandshahr Police (@bulandshahrpol) August 11, 2026
विवाद बढ़ा और चाकू से कर दिया हमला
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि अजीत अपना आपा खो बैठा. आरोप है कि उसने कमरे में ही बेबी पर धारदार चाकू से कई वार कर दिए. अचानक हुए हमले में बेबी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी. हमले के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई. आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. अस्पताल की चिकित्सक डॉ. आनंती चौहान ने बताया कि महिला को 108 एंबुलेंस के माध्यम से मृत अवस्था में लाया गया था. उन्होंने बताया कि महिला के सिर, चेहरे, हाथ और छाती के ऊपरी हिस्से पर धारदार हथियार से किए गए घाव मिले हैं, जो गंभीर प्रकृति के थे.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही खुर्जा कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने कमरे और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को जोड़ने का प्रयास कर रही है.
आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
खुर्जा के क्षेत्राधिकारी (सीओ) शोभित कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी. उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि अजीत नाम का युवक शिवलोक कॉलोनी में किराए पर रहता है और मृतका उससे मिलने आती थी. दोनों के बीच विवाद होने के बाद युवक ने महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी अजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें : झांसी के रेस्टोरेंट में LLB छात्र की गोली मारकर हत्या, पीतांबरा माई के दर्शन कर दोस्त संग डिनर पर गया था युवक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं