- 15.17 किलोमीटर लंबा छह लेन का चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे बनने जा रहा है जो बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा
- यह एक्सप्रेसवे चित्रकूट को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे 35 से कनेक्ट करेगा जिससे यात्रा आसान होगी
- चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे सिग्नल फ्री होगा और अहमदगंज से शिवरामपुर तक 13 गांवों के पास से गुजरेगा
उत्तर प्रदेश देश का सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन चुका है. यहां गंगा एक्सप्रेसवे से लेकर बुंदेलखंड और आगरा-लखनऊ जैसे सुपरफास्ट एक्सप्रेसवे पर वाहन रफ्तार भरते हैं. यूपी में और भी कई नए एक्सप्रेसवे, हाइवे और लिंक रोड पर काम चल रहा है. इसी में से एक 'चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे' भी है. यह लिंक एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड के लिए गेमचेंजर साबित होगा. करीब 15 किलोमीटर लंबा यह लिंक एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. इसके बाद भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट का सफर दिल्ली समेत कई शहरों से आसान हो जाएगा. इस एक्सप्रेसवे की खासियत और रूटमैप जानिए.
क्या है ताजा अपडेट?
चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे यूपी सरकार के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में शामिल है. हाल ही में UPEIDA ने उत्तर प्रदेश में बनने वाले 15.17 किलोमीटर लंबे, 6-लेन वाले एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए एक बार फिर बोलियां (bids) आमंत्रित की हैं. बोलियां 25 सितंबर 2026 को खोली जाएंगी. इस प्रोजेक्ट के लिए समय-सीमा 730 दिन तय की गई है.
कहां से कहां तक बनेगा?
यह लिंक एक्सप्रेसवे चित्रकूट जिले के भरतकूप के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के अहमदगंज इंटरचेंज से शुरू होगा. यहां से सीधे आगे बढ़ते हुए चित्रकूट के शिवरामपुर के पास नेशनल हाइवे-35 (NH-35) पर जाकर समाप्त होगा.
क्या है इस लिंक एक्सप्रेसवे की खासियत?
- यह लिंक एक्सप्रेसवे 15.17 किलोमीटर लंबा होगा.
- NH 35 से आने वाले वाहन शिवरामपुर पर इस लिंक रोड के जरिए सीधे चित्रकूट के मुख्य धार्मिक और पर्यटन स्थलों जैसे रामघाट, मंदाकिनी नदी के तट और कामदगिरि परिक्रमा मार्ग की तरफ जा सकेंगे.
- यह एक्सप्रेसवे सिग्नल फ्री होगा इसलिए यहां जाम की समस्या भी नहीं रहेगी.
- यह रोड अहमदगंज, गोंडा, भारतपुर तरांव, मछरिहा और शिवरामपुर सहित कुल 13 गांवों की सीमाओं से होकर गुजरेगा.
- इसके बनने के बाद दिल्ली-NCR से चित्रकूट धाम का सफर अब 6 घंटे में पूरा होगा.
- इस पूरे रूट को शुरुआत में 4-लेन बनाया जा रहा है, लेकिन इसे भविष्य में आसानी से 6-लेन में बदला जा सकता है.
इन एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा
1. बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे: यह लिंक एक्सप्रेसवे सीधे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के भरतकूप के पास अहमदगंज से शुरू होगा. यानी यह सीधे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. इससे चित्रकूट के लोग सीधे 296 किलोमीटर लंबे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर चढ़ सकेंगे, जिससे महोबा, हमीरपुर, बांदा, जालौन और औरैया की दूरी मिनटों में तय होगी.
2. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे इटावा के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे में जाकर मिल जाता है. यानी चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए श्रद्धालु और पर्यटक बिना किसी सिंगल-लेन सड़क पर जाए सीधे आगरा और यूपी की राजधानी लखनऊ तक सुपरफास्ट स्पीड से पहुंच सकेंगे.
3. यमुना एक्सप्रेसवे: इसकी इनडायरेक्ट कनेक्टिविटी यमुना एक्सप्रेसवे से भी होगी. दरअसल यमुना एक्सप्रेसवे आगरा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से मिलता है. ऐसे में इस नए लिंक के बनने से दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद से चित्रकूट की दूरी महज 6 से 7 घंटे रह जाएगी. श्रद्धालुओं को चित्रकूट पहुंचने के लिए शहर के बाहरी इलाकों और संकरे रास्तों के जाम से नहीं जूझना पड़ेगा.
4. गंगा एक्सप्रेसवे से भी जोड़ने का प्लान: सरकार बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को मेरठ से प्रयागराज तक बन रहे गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना पर भी काम कर रही है. इसके चालू होने के बाद चित्रकूट सीधे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हापुड़, अमरोहा, संभल, मेरठ और पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रयागराज के एक्सप्रेसवे नेटवर्क से भी पूरी तरह जुड़ जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं