- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के दिवंगत पूर्व पीएम शिंजो आबे की पत्नी अकी आबे से मुलाकात की और खुशी जताई.
- मोदी ने आबे को भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने वाला दूरदर्शी और करीबी दोस्त बताया.
- वाराणसी में रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आबे मेमोरियल कॉरिडोर का उद्घाटन किया गया जो उनके योगदान का सम्मान है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को जापान के पूर्व पीएम दिवंगत शिंजो आबे की पत्नी अकी आबे से मिले. पीएम मोदी ने इस मुलाकात पर खुशी जताते हुए भारत के साथ उनके रिश्ते को याद किया. वहीं अकी ने कहा कि वो प्रधानमंत्री से मिलकर काफी भावुक हो गईं. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी. उन्होंने लिखा, "जापान के पूर्व पीएम दिवंगत शिंजो आबे की पत्नी अकी आबे से मिलकर खुशी हुई. भारत के साथ उनके लंबे समय से चले आ रहे जुड़ाव की मैं बहुत कद्र करता हूं.
उन्होंने आगे लिखा, "आबे-सान (जापानी सम्मानसूचक शब्द जैसे हिंदी में श्रीमान) एक करीबी दोस्त और दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने भारत-जापान संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाई. बुधवार को वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में 'आबे मेमोरियल कॉरिडोर' का उद्घाटन, भारत-जापान दोस्ती में उनके अमूल्य योगदान के लिए एक उचित सम्मान है."
वहीं, अकी ने इसे भावुक कर देने वाली मुलाकात बताया. उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान जो अपनापन महसूस हुआ, उसने मेरी आंखें भिगो दीं. आंसू बहने लगे. जापान और भारत के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिए मैं हर संभव प्रयास करना चाहती हूं. मेरे पति निश्चित रूप से हमारे साथ वहां मौजूद रहे होंगे."
बुधवार (7 अक्टूबर) को वाराणसी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अकी आबे के साथ कॉरिडोर का अनावरण किया था. मुख्यमंत्री योगी ने इसे उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता, प्रधानमंत्री मोदी और 140 करोड़ भारतवासियों की ओर से आबे को विनम्र श्रद्धांजलि बताया था.
दरअसल शिंजो आबे 2015 में भारत दौरे के समय काशी भी गए थे और पीएम नरेन्द्र मोदी के साथ गंगा आरती भी की थी. इस दौरान उन्होंने काशी को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर की भेंट जापान की ओर से दी थी. अब उनके निधन के बाद रुद्राक्ष में मेमोरियल कारिडोर उनकी स्मृतियों को भी संरक्षित रखेगा.
ये भी पढें : कल का मौसम : दिल्ली-NCR समेत 15 राज्यों में बारिश की चेतावनी, जानें ठंड पर क्या है मौसम विभाग का अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं