विज्ञापन

एक हफ्ते में दूसरा तूफान, चक्रवात मुरासु आंध्र-ओडिशा समेत 10 राज्यों में कराएगा भारी बारिश, दिल्ली में हवा खराब?

Cyclone Murasu: बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात 'मुरासु' आज भारी बारिश कराने वाला है, एक हफ्ते यह दूसरा तूफान उठा है. वहीं उत्तर भारत में दिल्ली-एनसीआर में हवा का स्तर बेहद खराब हो गया है, यहां AQI का स्तर 350 से ऊपर जा चुका है.

एक हफ्ते में दूसरा तूफान, चक्रवात मुरासु आंध्र-ओडिशा समेत 10 राज्यों में कराएगा भारी बारिश, दिल्ली में हवा खराब?
चक्रवात मुरासु आज कराएगा भारी बारिश (फोटो:IANS)
  • बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात 'मुरासु' अब खतरनाक रूप लेता जा रहा है और आगे बढ़ रहा है.
  • आज मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा समेत 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
  • उत्तर भारत में दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता खराब होती जा रही है, यहां AQI लेवल 350 पार कर गया है.

बंगाल की खाड़ी में एक हफ्ते में दूसरा तूफान उठा है. चक्रवात 'मुरासु' आज रौद्र रूप अपनाने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 2 नवंबर को आंध्र प्रदेश, ओडिशा समेत 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. तूफान 'मुरासु' आज विशाखापत्तनम में समुद्र के तटों से टकराने वाला है, ऐसे में यहां सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, कई इलाकों में सुबह से ही बारिश का दौर भी जारी है. दक्षिण भारत में जहां बारिश की संभावना बन रही है, तो वहीं उत्तर भारत में अब हवा का स्तर खराब होता जा रहा है. दिल्ली-एनसीआर में हवा बेहद खराब स्तर पर पहुंच चुकी है. सोमवार सुबह दिल्ली का AQI लेवल 350 को पार कर गया है, गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद शहरों का भी यही हाल है. हालांकि पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी से सुबह के वक्त हल्की ठंड का असर भी दिख रहा है.

तूफान 'मुरासु' से कराएगा भारी बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान 'मुरासु' गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है. पिछले 6 घंटों में यह 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से से उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ बढ़ा है. यह तूफान चेन्नई से लगभग 260 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश के तट से 290 से 330 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है. चक्रवाती तूफान 'मुरासु' की वजह से आज आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है. वहीं छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी इस तूफान का असर दिख सकता है. सबसे ज्यादा बारिश की संभावना ओडिशा और आंध्रप्रदेश के तटीय इलाकों में बन रही है, यहां पर एनडीआरएफ की टीमों को तैनात कर दिया गया है. हाल ही में आए तूफान अर्नब की वजह से यहां टीमें अलर्ट पर बनी हुई हैं. भारतीय मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. 

दिल्ली-एनसीआर में हवा खराब

दिल्ली में मौसम तेजी से बदल रहा है. यहां सुबह से घनी धुंध छायी हुई है. हवा का स्तर बेहद खराब हो गया है. दिल्ली में सोमवार सुबह AQI का लेवल 382 तक पहुंच गया है. स्मॉग दूर तक फैला हुआ है. दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में भी प्रदूषण का यही हाल है. मौसम विभाग के मुताबिक दोपहर तक धूप निकल सकती है, जबकि शाम तक तापमान में गिरावट से हल्की ठंडक का एहसास हो सकता है. हवा के गिरते स्तर की वजह से दिल्ली-एनसीआर में कई पाबंदियां भी लगाई गई हैं, निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी गई है. फिलहाल हवा का स्तर यहां खराब है. 

उत्तर भारत में बदल रहा मौसम

उत्तर प्रदेश में भी आज मौसम में बदलाव दिखने वाला है. पूर्वी यूपी में गुलाबी ठंड का असर बढ़ता जा रहा है, जबकि पश्चिमी यूपी में धुंध का प्रभाव ज्यादा दिख रहा है. मौसम विभाग ने आज यूपी में लखनऊ, अयोध्या, कानपुर, इटावा, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, उन्नाव, देवरिया, गौतमबुद्ध नगर में अलर्ट जारी किया है. यूपी में अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट दिखने की संभावना बन रही है. वहीं मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, बिहार में तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है, जिसकी वजह से यहां सुबह और शाम के वक्त ठंड लगना शुरू हो चुकी है. 

पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी

मौसम विभाग ने 2 नवंबर को पहाड़ी राज्य उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ-साथ बर्फबारी की संभावना जताई है. वहीं जम्मू-कश्मीर में भी मौसम तेजी से बदल रहा है. यहां भी आज दिनभर बारिश के साथ बर्फबारी होने के चांस बन रहे हैं. तापमान में अगले 2 से 3 दिनों में भारी गिरावट आ सकती है, जिसकी वजह से बारिश होने की संभावना है. 

ये भी पढ़ेंः 'अर्नब' के बाद अब 'मुरासु' बना मुसीबत! 120 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, आंध्र-ओडिशा-तमिलनाडु में अलर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cyclone Murasu, Delhi NCR AQI, Weather Update News, Rain Alert Today, Aaj Ka Mausam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com