- अमेरिका के फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके में प्राइवेट जेट क्रैश हुआ जिसमें उसपर मौजदू 9 लोगों की मौत हो गई
- दुर्घटना स्थल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट से लगभग ग्यारह किलोमीटर दूर स्थित है
- हादसा लियरजेट 60 विमान का था जो ऑस्टिन से बहामास के लिए उड़ान भर रहा था और अचानक नीचे गिरा
"मे डे, मे डे... “हम ओवरस्पीड की स्थिति में हैं. 20,000 फीट प्रति मिनट से नीचे जा रहे हैं... हम जमीन से टकराने वाले हैं. हे भगवान, अब हमारे पास समय नहीं बचा है!”
यह पायलट के आखिरी शब्द थे जो अब दुनिया में नहीं है. अमेरिका में बड़ा विमान हादसा हुआ है. रविवार को दक्षिणी फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके में प्राइवेट जेट क्रैश हो गया. हादसे में प्लेन में मौजूद सभी 9 लोगों की मौत हो गई है. जहां यह क्रैश हुआ, वह जगह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रिसॉर्ट 'मार-ए-लागो' से कुछ ही मील दूर है.
सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो में इस प्लेन को बहुत तेज स्पीड से लगभग सीधा जमीन से टकराते हुए देखा जा सकता है. इस टक्कर से आग का एक बड़ा गोला बन गया और सड़क के किनारे एक जलता हुआ गड्ढा हो गया. अमेरिका के परिवहन सचिव शॉन डफी ने एक बयान में कहा कि फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में आज हुआ विमान हादसा एक भयानक त्रासदी है. डफी ने बताया कि यह विमान, एक 'लियरजेट 60' (Learjet 60) था और ऑस्टिन, टेक्सास से रवाना हुआ था और बहामास जा रहा था.
ट्रंप के घर से केवल 11 किमी दूर
यह दुर्घटना पाम बीच काउंटी के एक इलाके, क्रेस्टहेवन के पास हुई, जो मार-ए-लागो से सात मील (11 किलोमीटर) से भी कम दूरी पर है. ट्रंप खुद रविवार को मार-ए-लागो में थे. दुर्घटना से लगभग एक घंटे पहले, सुबह 11:55 बजे, वे 'एयर फोर्स वन' में सवार हुए और पास ही स्थित 'प्रेसिडेंट डोनाल्ड जे. ट्रम्प इंटरनेशनल एयरपोर्ट' से रवाना हो गए.
पायलट के आखिरी शब्द
CNN की रिपोर्ट ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल रेडियो कॉल के अनुसार, दुर्घटना से कुछ मिनट पहले, विमान के पायलट ने बताया कि विमान पर बर्फ जम रही है. बाहर का तापमान -47 डिग्री सेल्सियस है और मध्यम स्तर का टर्बुलेंस है, जिससे विमान 700 फीट तक उछल रहा है. पायलट ने मियामी एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर को रेडियो पर बताया, "विमान पर हल्की, साफ बर्फ जम रही है जिसे संभाला जा सकता है, और मध्यम स्तर का टर्बुलेंस है."
लेकिन कुछ ही पलों बाद, जब उन्होंने बताया कि बारिश या बर्फबारी शुरू हो गई है और विमान को ऊपर ले जाने की अनुमति मांगी, तो उन्होंने इमरजेंसी घोषित कर दी. पायलट ने कहा, "हम नीचे जा रहे हैं - मेडे, मेडे (आपातकालीन संकेत) - हम 10,000 फीट प्रति मिनट की दर से नीचे जा रहे हैं. हम ओवरस्पीड की स्थिति में हैं और 20,000 फीट प्रति मिनट की दर से नीचे जा रहे हैं... हम जमीन से टकराने वाले हैं."
बैकग्राउंड में अलार्म की आवाजें सुनाई दे रही थीं, जबकि क्रू विमान पर फिर से कंट्रोल पाने की कोशिश कर रहा था. कंट्रोलर ने पायलटों से कहा कि वे कोई भी ऊंचाई चुन सकते हैं और उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा, "मैं आपके साथ हूं. मुझसे बात करें."
बाद में क्रू ने बताया कि विमान 22,000 फीट प्रति मिनट की दर से नीचे जा रहा था और 60 डिग्री के कोण पर झुका हुआ था. इसके बाद ऑडियो में कॉकपिट के अंदर घबराहट भरी आवाजें और बढ़ता हुआ डर सुनाई दिया. किसी ने चिल्लाकर कहा, "बाहर देखो... हे भगवान, अब हमारे पास समय नहीं बचा है!"
इसके बाद ट्रांसमिशन बंद हो गया.
यह भी पढ़ें | अमेरिका के फ्लोरिडा में जेट विमान हादसे का शिकार, सभी 9 लोगों की मौत, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं