ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है. इसके साथ ही उनके एक शानदार करियर का अंत हो गया. क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिकेटर ने 38 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. अपने करियर के दौरान मैक्सवेल ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में शानदार योगदान दिया और दुनिया के सबसे खतरनाक व्हाइट-बॉल क्रिकेटरों में अपनी पहचान बनाई.
क्रिकेट जगत में 'द बिग शो' के नाम से मशहूर मैक्सवेल उन खिलाड़ियों में रहे जिन्होंने सीमित ओवरों के क्रिकेट की बल्लेबाजी को नई दिशा दी. रिवर्स स्वीप, स्विच हिट और मैदान के हर कोने में शॉट खेलने की उनकी क्षमता ने उन्हें दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शामिल किया. घरेलू क्रिकेट में रिकॉर्डतोड़ पारियों की बदौलत उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम का दरवाजा खटखटाया और जल्द ही राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बन गए.
2012 में हुआ इंटरनेशनल डेब्यू
मैक्सवेल ने 25 अगस्त 2012 को अफगानिस्तान के खिलाफ शारजाह में अपना वनडे डेब्यू किया. इसके कुछ दिन बाद 5 सितंबर 2012 को पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की. टेस्ट क्रिकेट में उन्हें 2013 में भारत दौरे पर मौका मिला, जहां उन्होंने हैदराबाद में टेस्ट डेब्यू किया.
वर्ल्ड कप विजेता टीम के अहम खिलाड़ी
मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया की 2015 और 2023 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहे. 2015 विश्व कप में उन्होंने 324 रन बनाए और 182.02 के स्ट्राइक रेट से विपक्षी गेंदबाजों पर कहर बरपाया. वहीं 2023 विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई उनकी 201* रनों की पारी को वनडे इतिहास की महानतम पारियों में गिना जाता है.
आंकड़ों में मैक्सवेल का करियर
वनडे क्रिकेट में मैक्सवेल ने 149 मैचों में 3990 रन बनाए, जिसमें 4 शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं. उनका स्ट्राइक रेट 126.71 रहा. गेंदबाजी में उन्होंने 77 विकेट भी झटके. टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 130 मैचों में 2897 रन और 51 विकेट हासिल किए, जबकि टेस्ट क्रिकेट की 7 मैचों की छोटी करियर में उन्होंने 339 रन और 8 विकेट दर्ज किए.
किस टीम के खिलाफ खेला आखिरी इंटरनेशनल मैच?
- वनडे का आखिरी मैच: भारत के खिलाफ, 4 मार्च 2025, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
- टेस्ट का आखिरी मैच: बांग्लादेश के खिलाफ, 4 सितंबर 2017
- टी20 अंतरराष्ट्रीय का आखिरी मैच: ओमान के खिलाफ, 20 फरवरी 2026, पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
मैक्सवेल ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और आरसीबी जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया. 141 आईपीएल मैचों में उन्होंने 2819 रन बनाए और 161 छक्के जड़े. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने उन्हें दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग के बड़े सितारों में शामिल किया.
यह भी पढ़ें- 'मैं कड़ी मेहनत क्यों करूं?' लंबे इंतजार से टूटा सरफराज का सब्र, खुलकर बयां किया दर्द
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं