शाहदरा में वकीलों और दिल्ली पुलिस के बीच हुए विवाद के बाद दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर ACP मनस्वी वशिष्ठ समेत तमाम पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन किया.
ACP मनस्वी वशिष्ठ ने NDTV से बातचीत में उन्होंने कहा कि हमने दिल्ली पुलिस कमिश्नर के सामने अपनी बात रख दी है. आज की कॉल का मकसद था कि सभी लोग अपनी बात रख सकें. हमारी मांग है कि वकीलों और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल के लिए इंटरैक्शन की SOP बनाई जानी चाहिए.
उन्होंने यह भी कहा कि वकील और पुलिस विवाद में हमारा ट्रांसफर किए जाने से दुख हुआ. कुछ लोग काले कोट की आड़ में गुंडागर्दी करते हैं. थाने में आकर पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी करते हैं.
शाहदरा में क्या हुआ था?
शाहदरा में हुए विवाद के बारे में बताते हुए मनस्वी वशिष्ठ ने कहा कि पूरा विवाद महज दो दिनों की घटनाओं से जुड़ा है. पहले दिन कुछ लोगों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट की और फिर वकील उसी व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज करने और गिरफ्तार करने की मांग की.
अगले दिन शाहदरा के SHO को धमकी दी गई, पुलिस के हेड कांस्टेबल को भी बैठा लिया गया, फिर थाने में आकर बदसलूकी की गई.
उन्होंने कहा कि हमने इस मामले में एक FIR भी दर्ज की है, लेकिन हमारी मांग है कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई हो.

ACP मनस्वी वशिष्ठ.
Photo Credit: NDTV
ACP मनस्वी वशिष्ठ की प्रमुख मांगें
- वकील और पुलिस के बीच इंटरैक्शन की SOP बने.
- दर्ज FIR को उसके अंजाम तक पहुंचाया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो.
- पुलिसकर्मियों के खिलाफ दर्ज झूठी FIR रद्द की जाए.
- जिन लोगों ने SHO के साथ हाथापाई की, उन्हें गिरफ्तार किया जाए.
- ACP ने कहा कि हमें उम्मीद है कि इस मामले में अच्छा नतीजा निकलेगा. फिलहाल प्रदर्शन में ज्यादातर दिल्ली पुलिस के जवान शामिल हैं.

दिल्ली CP ने दिए कई निर्देश
- दिल्ली पुलिस के जवानों के पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन के बीच दिल्ली के CP ने जवानों के साथ संपर्क सभा की और कई निर्देश दिए.
- पुलिस और वकीलों के बीच ड्यूटी के दौरान होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी. इसमें दिल्ली पुलिस, बार एसोसिएशन और बार काउंसिल के प्रतिनिधि शामिल होंगे.
- दिल्ली पुलिस के जवान अब अपनी समस्याएं और शिकायतें खुलकर बड़े अधिकारियों के सामने रख सकेंगे. पुलिस कमिश्नर ने भरोसा दिया है कि जवानों की जायज शिकायतों पर जल्द और उचित कार्रवाई की जाएगी.
- संपर्क सभा में हर रैंक के पुलिसकर्मियों ने अपनी शिकायतें रखीं. पुलिस कमिश्नर, स्पेशल कमिश्नर और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों ने अलग-अलग रैंक के पुलिसकर्मियों से बातचीत की.
- जवानों ने पुलिस फोर्स के सम्मान और वर्दी की गरिमा बनाए रखने की मांग उठाई.
- पुलिस कमिश्नर ने कानून-व्यवस्था और BRICS समिट में पुलिसकर्मियों के काम को सराहा.
- प्रमोशन, MACP, मकान और नौकरी से जुड़ी दूसरी समस्याओं पर भी ध्यान दिया जाएगा.
- जिला और यूनिट प्रमुख नियमित संपर्क सभा करेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं