प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका और ईरान के बीच फाइनल हुई शांति डील का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता जल्द से जल्द बहाल होनी चाहिए और समुद्री मार्गों पर जहाजों की आवाजाही भी सामान्य होनी चाहिए. पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इस संघर्ष की वजह से दुनिया के कई देशों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा और बड़ी संख्या में लोगों की जान भी गई. उन्होंने कहा कि भारत को उम्मीद है कि बचे हुए मुद्दों पर भी बातचीत होगी और अंत में एक स्थायी समझौता होगा.
पीएम मोदी ने लिखा, "मैं पश्चिम एशिया में संघर्ष खत्म करने को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच बनी सहमति का स्वागत करता हूं. इस संघर्ष की वजह से पूरी दुनिया में आर्थिक बाधाएं पैदा हुईं और कई देशों में लोगों की जान गई. भारत को उम्मीद है कि इस समझौते को लागू करने से क्षेत्र में शांति और स्थिरता लौटेगी तथा समुद्री व्यापार और जहाजों की आवाजाही सुचारू होगी. हमें उम्मीद है कि बाकी मुद्दों पर भी बातचीत होगी और अंत में एक स्थायी समझौता होगा."
I welcome the understanding reached between the United States and Iran on ending the conflict in West Asia, which has caused serious economic disruption across the world and led to loss of life in many countries.
— Narendra Modi (@narendramodi) June 15, 2026
India hopes that the implementation of this understanding will…
अमेरिका और ईरान में डील
रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात अमेरिका और ईरान के बीच एक बड़ी कूटनीतिक डील की घोषणा की गई थी. दोनों देशों के बीच डील फाइनल हो चुकी है और इसपर 19 जून को जिनेवा में मुहर लगेगी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा करते हुए कहा कि यह समझौता पश्चिम एशिया में "शांति और सुरक्षा" लाएगा और ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज को फिर से खोलेगा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ समझौता अब पूरा हो चुका है. दुनिया के जहाजों, अपने इंजन चालू करो. तेल का फ्लो शुरू होने दो."
इस घोषणा के बाद ईरान के कानूनी और अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने भी शांति समझौते की पुष्टि की और आगे की बातचीत के लिए ईरान की शर्तों की जानकारी दी. ईरान के सरकारी मीडिया से जुड़े प्रेस टीवी के अनुसार, काजेम गरीबाबादी ने कहा कि समझौते पर शुक्रवार को हस्ताक्षर होगा. इसके बाद समझौता ज्ञापन (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) का पूरा डॉक्यूमेंट सार्वजनिक किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: ईरान युद्ध का सबसे बड़ा लूजर इजरायल है? नेतन्याहू को चुकानी पड़ सकती है बड़ी कीमत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं