- दिसंबर में कनाडा जाएंगे पीएम मोदी, भारत-कनाडा रिश्तों को मिलेगी नई दिशा
- व्यापार से सुरक्षा तक, कनाडा दौरे पर कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे मोदी
- भारत-कनाडा संबंधों में नई शुरुआत का संकेत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) 11-12 दिसंबर 2026 को कनाडा के आधिकारिक दौरे पर जाएंगे. कनाडा स्थित भारतीय हाईकमीशन (HCI) ने इस दौरे की पुष्टि की है. हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी और कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच हुई बातचीत में दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा संबंधों को नई मजबूती देने पर सहमति जताई थी. पीएम मोदी के इस दौरे के दौरान व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, सुरक्षा और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे. इसके अलावा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर भी चर्चा आगे बढ़ सकती है. यह यात्रा दोनों देशों के बीच रणनीतिक और आर्थिक रिश्तों को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है..
भारतीय उच्चायोग ने की दौरे की घोषणा
कनाडा में भारतीय हाईकमीशन ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी 11 और 12 दिसंबर 2026 को कनाडा का दौरा करेंगे. यह घोषणा पीएम मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच हालिया टेलीफोनिक वार्ता के बाद सामने आई है.

पीएम मोदी के कनाडा दौरे का ऐलान
Photo Credit: India in Canada द्वारा शेयर की गई जानकारी
हाईकमीशन के अनुसार दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में बनी सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने और व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा तथा लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में ठोस परिणाम हासिल करने पर सहमति जताई है.
मोदी-कार्नी की टेलीफोनिक बातचीत में इन मुद्दों पर रहा जोर
मंगलवार को हुई टेलीफोनिक वार्ता को प्रधानमंत्री मोदी ने सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक बताया. इसके अलावा उन्होंने भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया. PM मोदी ने एक्स पर लिखा, 'प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ गर्मजोशीपूर्ण और सकारात्मक बातचीत हुई. हमने भारत-कनाडा संबंधों में सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने और हमारी रणनीतिक साझेदारी के प्रमुख क्षेत्रों, जिनमें व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और लोगों के बीच संबंध शामिल हैं, में ठोस परिणाम हासिल करने की दिशा में काम करने पर सहमति व्यक्त की.' उन्होंने आगे कहा, 'भारत और कनाडा मिलकर एक अधिक स्थिर और समृद्ध विश्व के निर्माण में योगदान दे रहे हैं.'
व्यापार समझौते पर आगे बढ़ेगी चर्चा
कनाडा के पीएमओ के अनुसार दोनों नेताओं ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर बातचीत को जल्द पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई है. दोनों देशों का लक्ष्य वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का है. प्रधानमंत्री मोदी के कनाडा दौरे के दौरान व्यापार और निवेश से जुड़े कई मुद्दों पर महत्वपूर्ण प्रगति देखने को मिल सकती है. दोनों प्रधानमंत्रियों ने कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनींदर सिद्धू के नेतृत्व में भारत पहुंचे 'टीम कनाडा ट्रेड मिशन' का भी स्वागत किया. साथ ही कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद की नई दिल्ली यात्रा को साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम बताया.
ऊर्जा और इंडो-पैसिफिक पर भी चर्चा
टेलीफोनिक चर्चा में दोनों नेताओं ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की भू-राजनीतिक चुनौतियों और ऊर्जा तथा कृषि क्षेत्रों में भरोसेमंद साझेदारों की आवश्यकता पर भी चर्चा की. कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने यूक्रेन युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में भारत और प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका की भी सराहना की. दोनों नेताओं ने दौरे से पहले लगातार संपर्क बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की.
कनाडा की विदेश मंत्री ने भी की थी मुलाकात
इससे पहले बुधवार को कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने नई दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की थी. बैठक में व्यापार, निवेश, सुरक्षा, ऊर्जा, तकनीक और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. अनीता आनंद ने कहा कि भारत और कनाडा के पास एक समृद्ध और साझा भविष्य के निर्माण की अपार संभावनाएं हैं. उन्होंने दोनों देशों के बीच लगभग 80 वर्षों से चले आ रहे राजनयिक संबंधों और भारतीय मूल के समुदाय की भूमिका का भी उल्लेख किया.
300 कारोबारी प्रतिनिधियों का दल भारत पहुंचा
इस बीच कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनींदर सिद्धू के नेतृत्व में लगभग 300 कारोबारी प्रतिनिधियों का दल भारत आया हुआ है. यह प्रतिनिधिमंडल विभिन्न क्षेत्रों में इंवेस्ट और व्यापारिक अवसरों की संभावनाएं तलाश रहा है.
यह भी पढ़ें : कनाडा के पीएम मार्क कार्नी ने पीएम मोदी को किया फोन, रिश्तों को स्थिर बनाने पर फोकस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं