प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपने कनाडाई समकक्ष मार्क कार्नी के साथ 'सौहार्दपूर्ण और सार्थक' बातचीत की और दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों में बनी सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने पर सहमत हुए हैं. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि भारत और कनाडा मिलकर एक 'ज्यादा स्थिर और समृद्ध दुनिया' बनाने में योगदान दे रहे हैं.
उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ गर्मजोशी भरी और सार्थक बातचीत हुई. हम भारत-कनाडा संबंधों में सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने और अपनी रणनीतिक साझेदारी के प्रमुख क्षेत्रों व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और लोगों के बीच संबंध में ठोस परिणाम हासिल करने की दिशा में काम करने पर सहमत हुए.'
तनाव के बाद अब रिश्ते में मीठा स्पर्श
दोनों नेताओं के बीच टेलीफोन पर यह बातचीत, वरिष्ठ राजनयिक और अंतरराष्ट्रीय मामलों पर कनाडा के प्रधानमंत्री के सलाहकार डेविड मॉरिसन की भारत यात्रा के कुछ दिनों बाद हुई है.
मॉरिसन ने 5-7 अक्टूबर के अपने दौरे के दौरान, छह अक्टूबर को दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ बातचीत की और आतंकवाद तथा अन्य अपराधों से निपटने के तरीकों पर चर्चा की.

भारत-कनाडा के रिश्तों में साल 2023 में भारी तनाव आ गया, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत का संभावित हाथ होने का आरोप लगाया. भारत ने ट्रूडो के इस आरोप को 'बेतुका' बताकर खारिज कर दिया था. अक्टूबर 2024 में कनाडा की तरफ से निज्जर मामले से जोड़ने की कोशिश के बाद भारत ने अपने उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा और पांच अन्य राजनयिकों को वापस बुला लिया था.
नयी दिल्ली ने भी उतने ही कनाडाई राजनयिकों को निष्कासित कर दिया था.
कार्नी ने रिश्ते को संभाला
पिछले साल अप्रैल में संसदीय चुनाव में लिबरल पार्टी के नेता कार्नी की जीत से रिश्तों को फिर से सौहार्दपूर्ण बनाने में मदद मिली. अब दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की राजधानियों में उच्चायुक्त नियुक्त कर दिए हैं. मार्च में कनाडाई प्रधानमंत्री कार्नी की भारत यात्रा के बाद से दोनों देशों के संबंधों में काफी सुधार आया है.
यह भी पढ़ें: 'भगोड़ों के लिए पनाहगाह नहीं बनेगा ब्रिटेन', नीरव मोदी-विजय माल्या के मसले पर ब्रिटिश मंत्री का भारत को भरोसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं