विज्ञापन

फिलीपींस में पर्यटकों से भरी नाव में लगी आग; 5 की मौत, 80 लापता

फिलीपींस के पलावान द्वीप के पास MV June Ester फेरी में आग लगने से हादसा हो गया. इसमें 5 की मौत हो गई है. वहीं कई लोग लापता बताए जा रहे हैं.

फिलीपींस में पर्यटकों से भरी नाव में लगी आग; 5 की मौत, 80 लापता
फिलीपींस में नाव में लगी आग (Photo: AFP)

फिलीपींस में एक नाव में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया है. हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो गई है और 80 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलिपीन्स कोस्ट गार्ड ने गुरुवार को बताया कि बुधवार रात पश्चिमी फिलिपींस के पलावान द्वीप के पास एक फेरी में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई और कुछ लोग लापता हैं. PCG ने बताया कि कोरोन, पलावान के पास पानी में MV जून एस्टर में आग लगने के बाद बुधवार रात 43 लोगों को बचाया गया.

कोस्ट गार्ड के जारी किए गए फुटेज में जहाज के कुछ हिस्सों में आग की लपटें उठती हुई और बचावकर्मी शवों को बॉडी बैग में रखते हुए दिखाई दिए.

आग लगने के वक्त जहाज पर कितने लोग सवार थे या कितने लोग लापता हैं, यह तुरंत साफ नहीं हो पाया.

कहां लगी आग?

AFP के मुताबिक, कोस्ट गार्ड ने बताया कि M/V जून एस्टर में बुधवार शाम को तट से करीब 2.2 किलोमीटर (1.3 मील) दूर आग लगी. उन्होंने यह भी बताया कि पांच लोगों के शव तट पर लाए गए हैं.

कोस्ट गार्ड द्वारा फेसबुक पर शेयर किए गए वीडियो में जहाज पूरी तरह से आग की लपटों में घिरा हुआ दिखाई दे रहा था.

कोस्ट गार्ड की कैप्टन नोएमी कायाब्याब ने गुरुवार को एक स्थानीय रेडियो स्टेशन को बताया, "अभी हमारे पास बचाए गए लोगों (42) और मृतकों के बारे में जो जानकारी है, उसके आधार पर 87 लोग अभी भी लापता हैं." उन्होंने बताया कि जहाज के रिकॉर्ड में 134 यात्रियों और क्रू सदस्यों के नाम दर्ज थे.

उन्होंने कहा, "साफ कर दूं कि यह लाइव डेटा है और हमारे सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान इसमें बदलाव हो सकता है."

कायाब्याब ने बताया कि बचाए गए लोगों में 38 यात्री और चार क्रू सदस्य शामिल थे. उन्होंने कहा, "हम अभी तक बचाए गए लोगों से जानकारी नहीं ले पाए हैं क्योंकि हम उनसे बात नहीं कर पाए हैं." उन्होंने यह भी बताया कि आग बुझाने की कोशिशें जारी हैं.


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Philippines, Ferry Fire, Fire Accident, Palawan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com