मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन ने एक बड़ी कामयाबी हासिल कर ली है. अहमदाबाद में साबरमती नदी पर 12 मंजिला ऊंची इमारत जितना अनोखा पुल तैयार हो गया है. साबरमती नदी पर480 मीटर लंबे पुल का निर्माण लगभग पूरा हो गया है. मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर (MAHSR) का इस पुल की ऊंचाई नदी के तल से 36 मीटर यानी लगभग 118 फीट है. यह 120 फीट यानी 12 मंजिल की इमारत के बराबर है. ये पुल साबरमती और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच बड़ा ज्वाइंट है. साबरमती बुलेट ट्रेन स्टेशन से ये सिर्फ एक किलोमीटर की दूरी पर है. अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन से इसकी दूरी करीब 4 किमी है. पश्चिमी रेलवे के अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य रेलवे लाइन के समानांतर ये पुल बनाया गया है.
- 320 किमी की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन
- 21 पुल बनाए जा रहे बुलेट ट्रेन के
- 508 किमी लंबाई बुलेट ट्रेन रूट की
मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का सबसे ऊंचा पुल
इस भारीभरकम पुल को सहने के लिए आठ गोलाकार स्तंभ बन गए हैं, जो 6 से 6.5 मीटर व्यास के हैं. नदी के प्रवाह में अड़चन न आए इसलिए इन स्तंभों को चुनिंदा स्थानों पर बनाया गया है. बुलेट ट्रेन का ये रूट शहर के फ्लाईओवर, रेलवे लाइन और मेट्रो कॉरिडोर से गुजरता है. जमीनी लेवल नीचे रखते तो इससे समस्या और सुरक्षा संबंधी खतरा पैदा हो जाता. लिहाजा इन खंभों की ऊंचाई 31 से 34 मीटर तक ऊंची रखी गई. 12 किलोमीटर ऊंचे पुल को बनाने के लिए बैलेंस्ड कैंटिलीवर मेथड तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. इस तकनीक के कारण नदी के गहरे पानी में नीचे से बिना किसी अस्थायी ढांचे का सहारा लिए खंभे के दोनों ओर खास मशीनों से कंक्रीट ब्लॉक को एक-एक करके जोड़ा गया और पुल को आगे बढ़ाया गया.
साबरमती नदी के ऊपर इस पुल की नींव और नीचे का ढांचा तैयार हो गया है. 76 मीटर लंबे 3 स्पैन बन चुके हैं और पिलर हेड के ऊपर सेगमेंट ढलाई का काम तेजी से हो रहा है. यह साबरमती नदी पुल पूरे 508 किमी लंबे बुलेट ट्रेन रूट पर निर्मित 25 नदी पुलों में से बेहद अहम है.
#BulletTrainIndia https://t.co/vHFbJ5mVwc
— NHSRCL (@nhsrcl) November 16, 2025
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में कितने पुल
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में 21 पुल गुजरात में और 4 पुल महाराष्ट्र में हैं. पालघर जिले में वैतरणा नदी पुल सबसे लंबा पुल है, जो 2.3 किमी का है. नर्मदा नदी पुल 1.4 किमी का है, ये गुजरात का सबसे लंबा पुल है, जो भरूच जिले में है. इस पुल के पिलर्स की गहराई 70 मीटर से भी अधिक है जो दिल्ली के कुतुब मीनार जितनी है. दमन गंगा नदी पुल 360 मीटर का है, जो वलसाड जिले में गुजरात के वापी और बोईसर स्टेशनों के बीच है. वलसाड जिले की सभी 5 नदियों पार, औरंगा, कोलक, दरोथा और दमन गंगा के पुल बन चुके हैं. विश्वामित्री नदी पुल वडोदरा में बना है. इस पुल को शहर की घनी आबादी और नदी में मगरमच्छों की संख्या को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं