अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा के तूफानी अर्धशतकों की मदद से भारत ने हसन नवाज की अटैकिंग पारी के बावजूद रोमांचक फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीत लिया. अभिषेक ने 28 गेंद पर 61 रन बनाए जिसमें तीन चौके और सात छक्के शामिल हैं. तिलक वर्मा ने आखिरी ओवरों में 22 गेंद पर नाबाद 51 रन की पारी खेली जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल हैं. उन्हें शिवम दुबे का अच्छा साथ मिला जिन्होंने 15 गेंद पर 27 रन बनाए. इससे टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी भारतीय टीम ने छह विकेट पर 211 रन का बड़ा स्कोर बनाया. टीम इंडिया की धमाकेदार जीत के बाद पड़ोसी देश के पूर्व दिग्गज अपनी टीम पर जमकर निशाना साध रहे हैं.
'अब शर्मिंदा होना आम बात हो गई है'
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक बयान में पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज शोएब अख्तर ने दोनों देश के बीच क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता को लेकर कड़ी टिप्पणी की.अख्तर ने कहा, 'इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि अब भारत और पाकिस्तान के बीच कोई वास्तविक प्रतिद्वंद्विता नहीं है. मैच से पहले ही सभी को उम्मीद होती है कि भारत जीतेगा और पाकिस्तान हारेगा और वही हुआ. इसमें कुछ भी हैरान करने वाला नहीं है.' उन्होंने आगे कहा कि हर भारत-पाकिस्तान मैच के बाद पाकिस्तान को शर्मिंदगी महसूस करनी पड़ती है और अब यह आम बात हो गई है. इसके बारे में कहने के लिए सच में कुछ नया नहीं है.'
शोएब अख्तर का पाकिस्तान क्रिकेट पर तीखा हमला
भारत से हार के बाद शोएब अख्तर ने पाकिस्तान क्रिकेट और बाबर आजम पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर को आदर्श मानकर बड़े लक्ष्य हासिल किए, जबकि पाकिस्तान में ऐसी क्रिकेट संस्कृति विकसित हुई है जो धीमी बल्लेबाजी और व्यक्तिगत आंकड़ों पर ज्यादा केंद्रित है. अख्तर के मुताबिक कई खिलाड़ी टीम की जीत से ज्यादा अपने रन बनाने की चिंता करते हैं और पिछले 10-15 वर्षों में पाकिस्तान जिस तरह का क्रिकेट खेल रहा है, उसमें उन्हें स्वार्थी मानसिकता की झलक दिखाई देती है.
'आटा और पानी की समस्या के बीच सिल्वर मिलना बड़ी बात'
शोएब अख्तर ने एक अन्य वीडियो कहा कि भारत को जीतना ही था और पाकिस्तान को कम से कम सिल्वर मेडल पर खुश होना चाहिए. इसके बाद वह पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहते हैं कि सिल्वर भी महंगा है और इससे देश की अर्थव्यवस्था को कुछ फायदा होगा. वायरल बयान में उन्होंने यह भी कहा कि देश में आटा और पानी जैसी चीजों को लेकर समस्या है, वहां सिल्वर मिलना बड़ी बात है.
'इंडियन क्रिकेट का मुकाबला करने की काबिलियत नहीं'
शोएब अख्तर ने सैम अयूब के बेबी सेलिब्रेशन पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि, 'तुम लोगों में इंडियन क्रिकेट का मुकाबला करने की भी काबिलियत नहीं है. मैच हारने के बाद डॉक्यूमेंट्री बनाने के बजाय, सही क्रिकेट खेलने पर ध्यान दो, और आज सैम अयूब उस बच्चे के सेलिब्रेशन से असल में क्या दिखाना चाह रहे थे? वह 15 साल का बच्चा तुम्हारी पूरी टीम से बेहतर खेल रहा है. पहले अच्छा क्रिकेट खेलना और सही तरीके से मुकाबला करना सीखो, यह फालतू का ड्रामा और बकवास बंद करो.'
सैम अयूब के इशारे पर तनवीर अहमद ने उठाए सवाल
भारत के खिलाफ फाइनल में सैम अयूब के प्रदर्शन और उनके एक इशारे को लेकर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. वायरल हो रहे बयान में तनवीर ने वैभव सूर्यवंशी की ओर किए गए अयूब के इशारे की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें पहले अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए. तनवीर अहमद ने कहा कि सैम अयूब खुद को बड़ा स्टार समझने लगे हैं, जबकि उन्हें अपने प्रदर्शन में और सुधार करने की जरूरत है. उन्होंने वैभव की उम्र को लेकर किए गए इशारे को भी अनुचित बताया. तनवीर के मुताबिक वैभव दुनिया भर के गेंदबाजों की धुनाई कर रहे हैं और ऐसे में इस तरह के इशारे करना सही नहीं है.
दरअसल, पाकिस्तान खराब शुरुआत के बावजूद हसन नवाज की 51 गेंदों पर 96 रन की पारी से मुकाबले में बना रहा लेकिन आखिर में वह छह विकेट पर 192 रन तक ही पहुंच पाया. नवाज जब चार रन पर थे तब वैभव सूर्यवंशी ने उनका कैच छोड़ दिया था. नवाज ने अपनी पारी में पांच चौके और सात छक्के लगाए. पाकिस्तान की तरफ से अहमद दानियाल और अराफात मिन्हास ने दो-दो विकेट लिए. भारत की तरफ से अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट लिए.
बड़े लक्ष्य का पीछा कर रहे पाकिस्तान ने अटैकिंग रवैया अपनाया लेकिन इस दौरान उसने विकेट भी गंवाए. स्पिनर अक्षर और वाशिंगटन ने उसके बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा. वाशिंगटन ने कप्तान साहिबजादा फरहान (10) को डीप मिडविकेट पर कैच कराकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई. अक्षर ने इसके बाद नए बल्लेबाज उस्मान खान (03) को तुरंत ही पवेलियन की राह दिखा दी. उन्होंने माज सदाकत (23) के तीखे तेवरों पर भी विराम लगाया, जिससे पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 39 रन हो गया.
लेकिन नवाज और साइम अयूब (22 गेंद पर 29 रन) ने विशेषकर लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को निशाना बनाया, जिन्होंने तीन ओवर में 44 रन लुटाए. पिच से स्पिनरों को मिल रही मदद को देखते हुए कप्तान अय्यर ने अभिषेक को भी गेंद सौंपी जिन्होंने दो ओवर में 23 रन दिए. ऐसे मौके पर दुबे फिर से ‘गोल्डन आर्म' साबित हुए. उन्होंने अपनी पहली गेंद पर ही साइम को आउट कर दिया जिसमें वाशिंगटन ने दौड़ लगाकर कैच लेकर महत्वपूर्ण योगदान दिया. वाशिंगटन ने इसके बाद अब्दुल समद (09) को आउट किया.
पाकिस्तान को आखिरी दो ओवर में 44 रन चाहिए थे. जसप्रीत बुमराह ने 19वें ओवर में 11 रन दिए जबकि दुबे ने अंतिम ओवर में 33 रन का बचाव किया. उन्होंने आखिरी गेंद पर नवाज को आउट करके उन्हें शतक पूरा नहीं करने दिया. इससे पहले पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले अभिषेक ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद शानदार बल्लेबाजी की और 20 गेंद में अर्धशतक बनाकर विपक्षी टीम के स्पिन आक्रमण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया.
अभिषेक ने धीमी गेंदबाजी का भरपूर फायदा उठाते हुए विकेट के दोनों तरफ बेफिक्र होकर से छक्के जड़े. अराफात ने अपनी गति में बदलाव करके अभिषेक को स्टंप आउट कराया. ईशान किशन (18 गेंदों में 20 रन) ने कप्तान श्रेयस अय्यर (24 गेंदों में 21 रन) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 35 रन जोड़कर स्थिति संभाली. तिलक और दुबे ने आखिरी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए स्पिनरों की जमकर धुलाई की. इन दोनों खिलाड़ियों ने छठे विकेट के लिए केवल पांच ओवरों में 62 रन जोड़े जबकि रन बनाना आसान नहीं था.
बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर सुफयान मोकिम के पारी के 18वें ओवर में 18 रन बने और फिर ऑफ स्पिनर साइम अयूब ने 19वें ओवर में 23 रन दिए. तेज गेंदबाज दानियाल ने आखिरी ओवर किया जिसमें 16 और रन बने। भारत ने स्पिनरों की मददगार पिच पर कुल 15 छक्के लगाए. भारत ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 81 रन बनाए. वैभव सूर्यवंशी (नौ गेंदों में 15 रन) ने लेग स्पिनर साद मसूद की गेंदों पर दो छक्के लगाए.
सूर्यवंशी ऑफ स्पिनर अयूब की गेंद पर रिवर्स शॉट खेलने की कोशिश में आउट हो गए. उन्होंने इस 15 वर्षीय खिलाड़ी को आउट करने के बाद ‘रॉकिंग द बेबी' शैली में जश्न मनाया. कप्तान अय्यर और किशन दोनों ही 11 से 15 ओवरों के बीच बड़े शॉट नहीं लगा पाए. किशन के तेज, सीधी और थोड़ी ज्यादा उछाल वाली गेंद पर बोल्ड होने के बाद लेग स्पिनर अबरार ने अय्यर की संघर्षपूर्ण पारी समाप्त की. इस तरह से दो विकेट पर 93 रन से भारत का स्कोर अचानक ही पांच विकेट पर 133 रन हो गया. जब ऐसा लग रहा था कि भारत 200 रन तक भी नहीं पहुंच पाएगा, तब तिलक और दुबे की जोड़ी ने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया.
ये भी पढ़ें- क्या बोल रही पाकिस्तानी पब्लिक? जापान में भारत की 'स्वर्णिम जय-जयकार' से पड़ोसी मुल्क में हाहाकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं