विज्ञापन

CISF जवान ने 4 साथियों की गोली मारकर क्यों की हत्या? बच्चे के कारण बौखलाहट की ये थी वजह

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में स्थित CISF कैंप में एक जवान ने अंधाधुंध गोलीबारी कर अपने 4 साथियों की हत्या कर दी. अब इस घटना के पीछे की वजह सामने आई है. बताया जा रहा है कि बच्चे की देखभाल को लेकर आरोपी जवान बौखलाहट में था.

CISF जवान ने 4 साथियों की गोली मारकर क्यों की हत्या? बच्चे के कारण बौखलाहट की ये थी वजह
बीच में आरोपी जवान अवधेश कुमार और मारे गए चार अन्य जवानों की तस्वीर.
NDTV
  • जम्मू-कश्मीर में CISF के हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार सिंह ने अपने चार साथियों की गोली मारकर हत्या की.
  • अवधेश और उनकी पत्नी पूजा देवी दोनों CISF में तैनात हैं और बच्चे को साइट पर लाने को लेकर विवाद हुआ था.
  • विवाद का कारण बच्चे को प्रोजेक्ट साइट पर लाने और क्वार्टर गार्ड में रहने की अनुमति न मिलना था.
श्रीनगर:

जम्मू-कश्मीर में CISF के चार जवानों की गोली मारकर हत्या करने वाले जवान की पूरी कहानी अब सामने आई है. चार साथियों की हत्या करने वाले आरोपी जवान की पहचान अवधेश कुमार सिंह के रूप में हुई है. अवधेश CISF में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है. रिपोर्ट के अनुसार अवधेश कुमार सिंह बिहार का रहने वाला है. उसकी पत्नी पूजा देवी भी CISF में लेडी हेड कांस्टेबल है. मंगलवार को अवधेश ने अपने साथियों पर एके-47 से अंधाधुंध फायरिंग की थी. जिसमें असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडेय, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल रफीक अहमद और कांस्टेबल संदीप कुमार की मौत हो गई थी. 

पत्नी भी कांस्टेबल, दोनों की ड्यूटी उसी साइट पर 

4 साथी जवानों की हत्या करने वाले अवधेश कुमार सिंह की बौखलाहट के पीछे बच्चे के हैंडओवर को लेकर एक मामूली विवाद था. दरअसल अवधेश और उसकी पत्नी लेडी हेड कॉन्स्टेबल पूजा देवी दोनों एक ही प्रोजेक्ट साइट पर तैनात हैं और उनकी ड्यूटी अलग-अलग शिफ्ट में लगती थी. 

बच्चे को प्रोजेक्ट साइट पर लाने को लेकर था विवाद

घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बहस इस बात पर शुरू हुई थी कि यह जोड़ा अक्सर अपने छोटे बच्चे को काम की जगह पर ले आता था. जांच अधिकारी ने कहा, "यह जोड़ा एक ही साइट पर अलग-अलग शिफ्ट में काम करता था. जब एक साथी ड्यूटी पर आता था, तो वह बच्चे को साथ लाता था ताकि उसे घर लौट रहे दूसरे साथी को सौंप सके. उन्हें बच्चे को प्रोजेक्ट साइट पर न लाने के लिए कहा गया था."

बच्चे के साथ क्वार्टर गार्ड में रहने की इजाजत नहीं

यह मामला पिछले कुछ दिनों से चल रहा था. लेडी हेड कॉन्स्टेबल पूजा देवी अपने बच्चे के साथ क्वार्टर गार्ड ड्यूटी पर आती थीं, जब उनके पति हेड कॉन्स्टेबल अवधेश कुमार सिंह ड्यूटी पर होते थे. यूनिट प्रशासन ने उन्हें बच्चे के साथ क्वार्टर गार्ड इलाके में आने या रहने की इजाज़त नहीं दी थी.

अधिकारी ने आगे कहा, "आज भी, उनमें से एक बच्चे को साइट पर लाया था ताकि उसे दूसरे साथी को सौंप सके, और किसी ने कंपनी कमांडर से इसकी शिकायत कर दी. इसी बात पर बहस हो गई."

कमांडेंट से शिकायत पर भड़क गए थे अवधेश

सूत्रों का कहना है कि असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे से की गई शिकायत से अवधेश कुमार भड़क गए. गुस्से में आकर वह मेन गेट के पास बने ऑपरेशन्स सेक्शन ऑफिस में गए, जहां चार जवान मौजूद थे, और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.

सीनियर अधिकारी कर रहे मामले की जांच

फायरिंग के तुरंत बाद, CISF के अन्य जवानों ने उन्हें काबू में किया और हिरासत में ले लिया. J&K पुलिस और CISF के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच चल रही है. आज सुबह, CISF नॉर्थ ज़ोन-II के DIG एम.के. यादव ने हालात का जायज़ा लेने के लिए बसोहली के मशका का दौरा किया. मामले की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी गठित कर दी गई है.    

यह भी पढ़ें - CISF कैंप में साथी ने की जवानों पर फायरिंग, 4 की मौत; मृतकों में कमांडेंट भी शामिल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kathua CISF Firing, CISF Jawan, CISF Jawan Killed, Jammu Kashmir, Firing Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com