विज्ञापन
This Article is From Feb 12, 2026

PAK जेल में इमरान खान की आंख 85% हुई खराब, 3 महीने तक नहीं मिला इलाज; अब SC ने दिया दखल

इमरान खान की शारीरिक सेहत के साथ ही मानसिक स्थिति और जेल के हालातों पर भी रिपोर्ट में चिंता जताई गई है. दावा किया गया है कि इमरान को पिछले दो साल से एकांत कारावास में रखा गया है.

PAK जेल में इमरान खान की आंख 85% हुई खराब, 3 महीने तक नहीं मिला इलाज; अब SC ने दिया दखल

पाकिस्तान की जेल में कैद पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई के प्रमुख इमरान खान की सेहत को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. सुप्रीम कोर्ट में उनके वकील सलमान सफदर ने डिटेल्ड रिपोर्ट पेश करते हुए बताया है कि इमरान की दाहिनी आंख की रोशनी 85 फीसदी तक जा चुकी है और अब केवल 15 फीसदी विजन ही बचा है. इस खुलासे ने पाकिस्तान की सियासत में एक बार फिर से हड़कंप मचा दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने उनकी आंखों की जांच के लिए तुरंत एक मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश दिया है.

तीन महीने तक नहीं कराया इलाज

वकील सलमान सफदर की तरफ से पेश 7 पेज की रिपोर्ट में बताया गया है कि पिछले साल अक्टूबर तक इमरान खान की आंखों की रोशनी पूरी तरह ठीक (6/6) थी. इसके बाद उन्हें दाहिनी आंख में धुंधलापन महसूस होने लगा. रिपोर्ट में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि इमरान ने अदियाला जेल के अधिकारियों से इस बारे में कई बार शिकायत की, लेकिन तीन महीनों तक उन्हें कोई इलाज नहीं दिया गया. समय पर इलाज न मिलने से उनकी आंख की स्थिति बिगड़ती चली गई.

आंख में क्लॉटिंग से गई रोशनी 

रिपोर्ट में आगे बताया गया कि बाद में जब पीआईएमएस (PIMS) अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आरिफ ने उनकी जांच की, तब तक काफी नुकसान हो चुका था. आंख में खून के थक्के जमने की वजह से रोशनी काफी कम हो गई थी. वकील ने अदालत को बताया कि हालिया मुलाकात के दौरान इमरान खान की आंखों से लगातार पानी आ रहा था. उन्होंने मांग की है कि इमरान खान के निजी डॉक्टर डॉ. फैसल सुल्तान और डॉ. आसिम यूसुफ को तुरंत उनकी जांच करने की अनुमति दी जाए. ऐसा संभव न हो तो कोई भी क्वालिफाइड नेत्र रोग विशेषत्र से जांच कराई जाए.

इमरान खान की शारीरिक सेहत के साथ ही मानसिक स्थिति और जेल के हालातों पर भी रिपोर्ट में चिंता जताई गई है. दावा किया गया है कि इमरान को पिछले दो साल से एकांत कारावास में रखा गया है. उन्हें किसी से मिलने नहीं दिया जा रहा है. पिछले पांच महीनों से उन्हें अपने वकीलों और परिजनों से मिलने की अनुमति नहीं दी गई है. इसका उनकी मेंटल हेल्थ पर असर पड़ रहा है. 

फूड पॉइजनिंग से हालत खराब

वकील ने रिपोर्ट में ये भी बताया कि जेल की कोठरी में फ्रिज न होने के कारण उन्हें फूड पॉइजनिंग की समस्या हो रही है. भीषण गर्मी और मच्छरों के कारण वह ठीक से सो भी नहीं पाते हैं. वकील ने निष्पक्ष कानूनी ट्रायल सुनिश्चित करने और उन्हें किताबें उपलब्ध कराने की भी गुहार लगाई है.

मेडिकल बोर्ड बनाकर जांच का आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने इन दलीलों को सुनने के बाद कड़ा रुख अपनाया. अदालत ने आदेश दिया है कि इमरान खान की आंखों की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड गठित किया जाए और उन्हें उनके बच्चों से फोन पर बात करने की सुविधा दी जाए. कोर्ट ने आदेश दिया है कि आंखों की जांच और फोन पर बातचीत की प्रक्रिया 16 फरवरी से पहले पूरी कराई जाए.

बता दें कि इमरान खान 5 अगस्त 2023 को भ्रष्टाचार के मामले में सजा सुनाए जाने के बाद से जेल में है. उन्हें फिलहाल रावलपिंडी की हाई सिक्योरिटी अदियाला जेल में रखा गया है. 

ये भी देखें- पाकिस्तान में हैवानियत, 13 साल की ईसाई बच्ची को इस्लाम कबूल कराया, शादी की, बिलख रहे मां-बाप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Imran Khan, Imran Khan Jail Condition
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com