New Zealand Beat South Africa In Semi final: कोलकाता के ईडन गार्जडन में बुधवार को फिन एलन की आतिशी पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका से मिले 170 के रन चेज का मजाक बना दिया. फिल एलन ने 33 गेंदों में रिकॉर्ड शतक ठोका जिससे न्यूजीलैंड ने 12.5 ओवर में ही जीत हासिल की और दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से रौंदते हुए फाइनल में जगह बनाई.
बुधवार को देश के कई हिस्सों में होली मनाई गई, लेकिन कोलकाता में आतिशबाजी हुई. तूफानी फिफ्ठी ठोककर अफ्रीकी टीम को 150 पार के स्कोर तक लेकर जाने वाले मार्को यानसेन, जब गेंदबाजी करने आए तो उनकी जमकर धुनाई हुई. उन्होंने 2.5 ओवर में 53 रन दे डाले.
मिचेल सेंटनेर की कप्तानी वाली कीवी टीम ने बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी का नमूना पेश करते हुए दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट पर 169 रन पर रोक दिया. आफ स्पिनर कोल मैकोंची ( एक ओवर में नौ रन देकर दो विकेट ) और बायें हाथ के स्पिनर रचिन रविंद्र (चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट) ने कहर बरपाती हुई गेंदबाजी करके दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया.
जवाब में एलेन और टिम सीफर्ट ( 33 गेंद में 58 रन ) ने नौ ओवर में 117 रन की साझेदारी करके न्यूजीलैंड को 2021 के बाद दूसरी बार फाइनल में पहुंचाया. भारत अगर बृहस्पतिवार को इंग्लैंड को हरा देता है तो यह फाइनल पिछले साल की चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल का दोहराव होगा. एलेन और सीफर्ट ने पावरप्ले के छह ओवरों में 84 रन बना डाले. एलेन ने 19 गेंद में पहला पचासा और 14 गेंद में दूसरा पूरा किया.
इससे पहले यानसेन के 30 गेंद में नाबाद 55 रन की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने शुरूआती झटकों से उबरते हुए आठ विकेट पर 169 रन बनाये. दक्षिण अफ्रीका ने 11वें ओवर में पांच विकेट 77 रन पर गंवा दिये थे. इसके बाद यानसेन और ट्रिस्टन स्टब्स ( 24 गेंद में 29 रन ) ने पारी को संभाला । दोनों ने छठे विकेट के लिये 73 रन जोड़े. पारी के आगे बढने के साथ ही ओस की भूमिका अहम हो गई और स्ट्रोक्स खेलना आसान लगने लगा.
दुनिया के सर्वश्रेष्ठ हरफनमौलाओं में शामिल यानसेन ने अपनी पारी में पांच छक्के लगाये और अधिकांश छक्के दर्शक दीर्घा की 15वीं पंक्ति के पार गए जिससे उनके दमखम और टाइमिंग का पता चलता है. उन्होंने 19वें ओवर में लॉकी फर्ग्युसन को दो छक्के लगाये. पहले गेंदबाजी चुनने वाली न्यूजीलैंड टीम के कप्तान मिचेल सेंटनेर ने दूसरे ओवर में आफ स्पिनर मैकोंची को गेंद सौंपी जिन्होंने मैच में एक ही ओवर डाला लेकिन क्विंटोन डिकॉक (10) और रियान रिकेलटन (0) को लगातार दो गेंदों पर आउट किया.
डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंद में 34 रन बनाये लेकिन वह अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके. उन्हें जेम्स नीशाम ने आउट किया. रविंद्र ने एडेन माक्ररम (18) और डेविड मिलर (छह) को पवेलियन भेजा. ब्रेविस के आउट होने के समय न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 77 रन था. दक्षिण अफ्रीका टीम ने आखिरी दो ओवर में विकेट गंवाये और 175 रन के पार नहीं पहुंच सकी.
यह भी पढ़ें: जसप्रीत बुमराह vs अर्शदीप सिंह: तेज गेंदबाजों के बीच बाहशाहत को लेकर नंबर-1 की 'जंग', कौन मारेगा बाजी
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान को मिलेगा सबसे युवा टेस्ट कोच! 38 की उम्र में इस चैंपियन को मिल सकती है कमान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं