विज्ञापन

'पकड़ो-पकड़ो, ये औरत है...', नाइजीरिया में 'रेप फेस्टिवल' से भड़के लोग; पीड़िता ने बताया हुआ क्या था

नाइजीरिया से हैरान करने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लड़के लड़कियों को जबरदस्ती पकड़ रहे हैं. पीड़िताओं का कहना है कि उनके साथ सरेआम यौन उत्पीड़न किया गया.

'पकड़ो-पकड़ो, ये औरत है...', नाइजीरिया में 'रेप फेस्टिवल' से भड़के लोग; पीड़िता ने बताया हुआ क्या था
नाइजीरिया का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
  • नाइजीरिया के डेल्टा स्टेट में मार्च में अलुए-डो फेस्टिवल के दौरान महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न की घटनाएं हुईं
  • इस घटना में पुरुषों ने सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं का पीछा कर उनके कपड़े फाड़े और जबरन छुआ
  • पीड़ितों में कई यूनिवर्सिटी छात्राएं थीं, जिन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भी ले जाया गया

नाइजीरिया से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जो न सिर्फ दिल दहलाने वाला है, बल्कि गुस्सा दिलाने वाला भी है. इस देखकर लोगों को गुस्सा भड़क उठा है. खबरें आईं कि सड़कों पर महिलाओं का पीछा किया गया और लड़कों ने कथित तौर पर उनके साथ यौन उत्पीड़न किया. कुछ लोगों ने इसे 'रेप फेस्टिवल' करार दिया है.

खबरों के मुताबिक, यह घटना मार्च में नाइजीरिया के डेल्टा स्टेट में 'अलुए-डो फेस्टिवल' के दौरान हुई थी. यह फेस्टिवल फर्टिलिटी से जुड़ा है और इसे ओरामुडू समुदाय मनाता है.

France24 के अनुसार, फेस्टिवल का माहौल तब बेहद परेशान करने वाला हो गया, जब सार्वजनिक जगहों पर पुरुषों ने महिलाओं का पीछा करना शुरू कर दिया. कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनके कपड़े फाड़ दिए गए और जबरन उतार दिए गए, जिसके बाद सार्वजनिक रूप से उनके साथ यौन उत्पीड़न किया गया.

रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि इस घटना के दौरान वहां कई लोग मौजूद थे, और कुछ लोग तो हिंसा को रोकने के बजाय कथित तौर पर चिल्ला रहे थे. इस घटना में पुरुषों का एक बड़ा समूह शामिल था, और कुछ मामलों में तो इसमें कम उम्र के लड़के भी शामिल थे.

यह भी पढ़ेंः अपराधी जैसा व्यवहार, घंटों बिना खाना पानी रखा... अमेरिका में भारतीय मूल की मीनू बत्रा ICE हिरासत से हुईं रिहा

पीड़िता ने बताई आपबीती

माना जा रहा है कि पीड़ितों में से कई पास की एक यूनिवर्सिटी की छात्राएं हैं, और कुछ को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. एक पीड़ित छात्रा ने अपने साथ हुई पूरी आपबीती बताई. उसने बताया कि जब वह मोटरसाइकिल से उस इलाके में पहुंची, तो कुछ ही देर बाद उस पर हमला हो गया.

उसके मुताबिक, 'भीड़ में मौजूद लोगों की अचानक उस पर नजर पड़ी और वे चिल्लाने लगे, इसे पकड़ो, इसे पकड़ो, यह एक औरत है. वे मधुमक्खियों की तरह मुझ पर टूट पड़े. भीड़ में मौजूद बहुत सारे लोग मेरे कपड़े तब तक खींचते रहे, जब तक मैं पूरी तरह निर्वस्त्र नहीं हो गई. वे मेरे स्तन खींच रहे थे और मेरे पूरे शरीर को गलत तरीके से छू रहे थे... मैं मदद के लिए जोर-जोर से चिल्ला रही थी.'

उसने आगे बताया कि आखिरकार एक राहगीर ने उसे बचाया. उसने बीच-बचाव किया और उसे भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की. इस घटना के दौरान उसका फोन भी छीन लिया गया. उसने बताया कि वह अभी भी दर्द और मानसिक सदमे से गुजर रही है.

यह भी पढ़ेंः जंगल, नदी-नाले और दुर्गम रास्ते... जिम करने के लिए इतनी दूरी तय करता है ये शख्स, हफ्ते में 4 दिन करता है वर्कआउट

कई लोग गिरफ्तार

डेल्टा स्टेट पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि इस मामले में कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक स्थानीय समुदाय का नेता और चार युवक शामिल हैं.

वीमेंस राइट्स एडवांसमेंट एंड प्रोटेक्शन अल्टरनेटिव से जुड़ीं रीटा आइकी ने कहा, 'जब लोग सरेआम ऐसी हरकतें करते हैं, और दूसरे लोग इसे तमाशे की तरह देखते हैं, तो यह मामला सिर्फ कुछ लोगों की निजी हरकतों तक ही सीमित नहीं रह जाता. यह हमें बताता है कि किसी समाज में किस तरह की चीजों को अब 'सामान्य' माना जाने लगा है.'

डेल्टा स्टेट पुलिस के प्रवक्ता ब्राइट एडाफे के अनुसार, इस मामले में आरोपी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि इस घटना में शामिल सभी लोगों पर आरोप तय किए जाएंगे और उनके खिलाफ मुकदमा चलाया जाएगा.

डेल्टा स्टेट के पुलिस कमिश्नर आइना अडेसोला ने गिरफ्तार किए गए संदिग्धों को तुरंत स्टेट क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) में ट्रांसफर करने का आदेश दिया है.

यह भी पढ़ेंः अमेरिका का ये शख्स बीस साल से सांपों से कटवा रहा, अब खून ही बन गई दवा...जानें कैसे?

लेखक के बारे में
img
प्रियंक द्विवेदी
चीफ सब एडिटर
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nigeria, Nigeria Rape Festival, Sexually Assault, Sexual Assault
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com