विज्ञापन

कौन हैं नेपाली शेरपा जिन्होंने 32वीं बार फतह किया माउंट एवरेस्ट... अपना ही वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा

नेपाली शेरपा कामी रीता शेरपा ने रविवार को एक बार फिर 'माउंट एवरेस्ट' को फतह कर लिया. कामी रीता अब तक 32 बार माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई कर चुके हैं.

कौन हैं नेपाली शेरपा जिन्होंने 32वीं बार फतह किया माउंट एवरेस्ट... अपना ही वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा
कामी रीता शेरपा ने 32वीं बार माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई की है.
PTI
  • नेपाल के कामी रीता शेरपा ने 32वीं बार माउंट एवरेस्ट फतह कर दुनिया में सबसे अधिक सफल चढ़ाई का रिकॉर्ड तोड़ा
  • 56 वर्षीय कामी रीता ने 1992 में पेशेवर पर्वतारोहण शुरू किया और कई उच्च पर्वतों पर चढ़ाई की है
  • ल्हाकपा शेरपा ने रविवार को माउंट एवरेस्ट पर 11वीं बार सफल चढ़ाई कर अपना खुद का रिकॉर्ड भी तोड़ा
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
काठमांडू:

नेपाल के पर्वतारोही कामी रीता शेरपा ने रविवार को दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी ‘माउंट एवरेस्ट' को 32वीं बार फतह करके इतिहास रच दिया. शेरपा ने एवरेस्ट पर सबसे ज्यादा बार सफलतापूर्वक चढ़ाई करने का अपना ही वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया.

पर्यटन विभाग के अनुसार, 56 वर्षीय अनुभवी पर्वतारोही कामी रीता रविवार सुबह 10 बजकर 12 मिनट पर 8,849 मीटर ऊंचे शिखर पर पहुंचे. विभाग ने बताया कि शेरपा ‘14 पीक्स एक्सपेडिशन' द्वारा संचालित एक अभियान का नेतृत्व कर रहे थे.

काठमांडू पोस्ट की खबर के अनुसार, एवरेस्ट आधार शिविर स्थित पर्यटन विभाग के फील्ड कार्यालय ने सफलतापूर्वक चढ़ाई करने की पुष्टि की.

1992 से शुरू किया था अपना करियर

जनवरी 1970 में कोशी प्रांत के सोलुखुम्बु जिले के एक गांव में जन्मे कामी रीता ने 1992 में एक पेशेवर पर्वतारोही के रूप में अपना करियर शुरू किया था.

पर्यटन विभाग ने शेरपा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि नेपाल के पर्वतारोहण क्षेत्र और देश की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा में महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाती है.

यह भी पढ़ेंः ज्वालामुखी कैसे बनता है और उसमें विस्फोट क्यों होता है? पर्वतारोहियों को क्यों इससे सबसे ज्यादा खतरा

पिछले साल 31वीं बार की थी चढ़ाई

कामी रीता ने सागरमाथा (नेपाली में इस चोटी का नाम) पर 2023 और 2024 में दो-दो बार चढ़ाई की थी. उन्होंने 27 मई 2025 को 31वीं बार इस पर चढ़ाई की.

साल 1994 और 2025 के बीच कामी रीता ने के2 और माउंट ल्होत्से पर एक-एक बार, मनास्लू पर तीन बार और छो ओयू पर आठ बार चढ़ाई की. ये सभी चोटियां 8,000 मीटर से अधिक ऊंचाई की हैं.

शेरपा ने पहली बार 1994 में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की थी. उन्होंने 27 मई, 2025 को एवरेस्ट पर 31वीं बार सफलतापूर्वक चढ़ाई की.

महिला पर्वतारोही ने भी तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

रविवार को ‘पर्वत रानी' नाम से मशहूर और माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वालीं नेपाल की पहली महिला ल्हाकपा शेरपा ने शिखर पर11वीं बार सफल चढ़ाई पूरी करके अपना ही वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया. पर्यटन विभाग ने बताया कि ल्हाकपा रविवार सुबह साढ़े नौ बजे शिखर पर पहुंचीं.

यह भी पढ़ेंः टूरिस्ट को खाने में जहर! नेपाल में एवरेस्ट चढ़ाने वाले गाइड ही बना रहे शिकार, 190 करोड़ का घोटाला खुला

प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दी बधाई

प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने उन्हें बधाई दी और कहा, 'ऐसी ऐतिहासिक सफलता केवल अटूट साहस, कठोर आत्म-अनुशासन और अपने काम के प्रति ईमानदार समर्पण के माध्यम से ही प्राप्त की जा सकती है.'

शाह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'माउंट एवरेस्ट महज एक भौगोलिक ऊंचाई नहीं है; यह नेपाल के आत्मसम्मान, साहस, धैर्य और हिमालयी सभ्यता का सर्वोच्च प्रतीक है. आज इस गौरवशाली पर्वत पर नेपाली पर्वतारोहियों ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है.'

प्रधानमंत्री ने नेपाल के पर्वतारोहण इतिहास में शेरपा समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए इसे 'असाधारण और अद्वितीय' बताया.

शेरपाओं को 'हिमालय के सच्चे गुमनाम नायक' बताते हुए उन्होंने कहा, 'उनके साहस, ज्ञान और परिश्रम के बिना पहाड़ों की शान अधूरी रह जाती है. मुझे विश्वास है कि उनकी यह सर्वोच्च उपलब्धि नेपाल के पर्वतीय पर्यटन को और भी अधिक विश्वसनीय, प्रतिष्ठित और आकर्षक बनाएगी, साथ ही वैश्विक मंच पर नेपाल की पहचान को और भी रोशन करेगी.'

यह भी पढ़ेंः माउंट एवरेस्ट से कम ऊंचाई, फिर भी आज तक कोई कैलाश पर्वत पर क्यों नहीं चढ़ पाया? 5 कारण

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com