विज्ञापन

इकबाल बने अंतरिक्ष के फेवरिट शायर, राकेश शर्मा-कल्पना चावला के बाद पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट ने पढ़ी वही कविता

पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री मुहम्मद जीशान अली ने चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन के भीतर धरती के चक्कर काटते हुए पाकिस्तान के राष्ट्रीय कवि मुहम्मद इकबाल की यह कविता सुनाई- सितारों से आगे जहां और भी हैं, अभी इश्क के इम्तिहां और भी हैं.

इकबाल बने अंतरिक्ष के फेवरिट शायर, राकेश शर्मा-कल्पना चावला के बाद पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट ने पढ़ी वही कविता
अंतरिक्ष में एक बार फिर मशहूर शायर अल्लामा इकबाल की कविता पढ़ी गई है

अंतरिक्ष में एक बार फिर मशहूर शायर अल्लामा इकबाल की कविता पढ़ी गई है. इस समय पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री मुहम्मद जीशान अली चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन के भीतर धरती के चक्कर काट रहे हैं और इसी दरम्यान अंतरिक्ष में उन्होंने अल्लामा इकबाल की कविता पढ़ी. नीले रंग का फ्लाइट सूट पहने हुए, पांच चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के बीच जीशान अली ने हाथ में मोबाइल पकड़कर पाकिस्तान के राष्ट्रीय कवि मुहम्मद इकबाल की यह कविता सुनाई- सितारों से आगे जहां और भी हैं, अभी इश्क के इम्तिहां और भी हैं.

खास बात है कि यह पहली बार नहीं है जब अंतरिक्ष में अल्लामा इकबाल का लिखा पढ़ा गया है.

राकेश शर्मा और कल्पना चावला के वक्त भी अंतरिक्ष में गूंजे इकबाल

पहली बार 1984 में अल्लामा इकबाल की कविता अंतरिक्ष में पढ़ी गई थी. तब अंतरिक्ष में जाने वाले पहले भारतीय अंतरिक्षयात्री राकेश शर्मा से तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के सवाल किया था कि ऊपर से भारत कैसा दिखता है. इसके जवाब में राकेश शर्मा ने मोहम्मद इकबाल के गीत 'तराना-ए-हिंदी' की पहली पंक्ति "सारे जहां से अच्छा" कहकर पूरे देश को भावुक कर दिया था.

1997 में जब भारत में जन्मीं अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला अंतरिक्ष में पहुंची थी तो उनकी बात तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल से हुई थी. तब कल्पना चावला ने अंतरिक्ष में पीएम गुजराल के मुंह से इकबाल की कविता सुनी. गुजराल ने उसी शेर की पहली पंक्ति सुनाई थी, जिसे दशकों बाद पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री जीशान अली ने अपने चीनी साथियों को पढ़कर सुनाया है.  बातचीत के दौरान पीएम गुजराल ने अल्लामा इकबाल की पंक्ति "सितारों से आगे जहां और भी हैं" का जिक्र करते हुए उनसे अंतरिक्ष के अनुभव के बारे में पूछा था. जवाब में कल्पना चावला ने अंतरिक्ष के अनुभव को बेहद खास बताया और कहा कि वहां से रात का आकाश तारों से भरे किसी कहानी की किताब जैसा दिखता है. तब कल्पना चावला ने बताया था कि उन्होंने कुछ दिन पहले शटल से हिमालय की खूबसूरत तस्वीरें रिकॉर्ड की थीं, जिन्हें वे भारत के लोगों को दिखाने के लिए भेज रही थीं.

यह भी पढ़ें | जीशान अली: कौन हैं पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट, जो चीन की मदद से गए अंतरिक्ष... परोसा जाएगा हलाल मीट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Muhammad Zeeshan Ali, Pakistan Astronaut China, Muhammad Iqbal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com