- जीशान अली ने रचा इतिहास, अंतरिक्ष में पहुंचने वाले पहले पाकिस्तानी बने
- कौन हैं मुहम्मद जीशान अली? 25 करोड़ पाकिस्तानियों की उम्मीदें साथ ले गए
- अंतरिक्ष में हलाल फूड और अंग्रेजी निर्देश, पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट के लिए खास इंतजाम
पाकिस्तान के अंतरिक्ष इतिहास में बुधवार का दिन मील का पत्थर साबित हुआ, जब पाकिस्तान वायुसेना के पायलट मुहम्मद जीशान अली चीन के शेनझोउ-24 मिशन के साथ अंतरिक्ष रवाना हुए. 40 वर्षीय जीशान अली न सिर्फ अंतरिक्ष में पहुंचने वाले पहले पाकिस्तानी नागरिक बने हैं, बल्कि चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम में शामिल होने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री भी हैं. जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से सफल प्रक्षेपण के बाद वह तियांगोंग स्पेस स्टेशन पहुंचेंगे, जहां वह कई वैज्ञानिक प्रयोगों में भाग लेंगे.
पहले जानिए कौन हैं जीशान अली?
मुहम्मद जीशान अली पाकिस्तान वायुसेना (PAF) में विंग कमांडर हैं और एक अनुभवी पायलट के रूप में जाने जाते हैं. कठिन उड़ान परिस्थितियों, उच्च गुरुत्वाकर्षण दबाव और जटिल तकनीकी संचालन में अनुभव ने उनके चयन में अहम भूमिका निभाई है. अप्रैल 2026 में पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी सुपारको (SUPARCO) और चीन मानवयुक्त अंतरिक्ष एजेंसी (CMSA) के संयुक्त कार्यक्रम के तहत जीशान अली और खुर्रम दाऊद का चयन अंतरिक्ष प्रशिक्षण के लिए किया गया था. बाद में जीशान अली को शेनझोउ-24 मिशन के लिए मुख्य पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री चुना गया. CMSA के मुताबिक जीशान अली तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर लगभग एक सप्ताह तक रहेंगे और विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लेंगे.
Pakistani astronaut, Muhammad Zeeshan Ali, reflecting on his months long journey leading up to the launch of Shenzhou-24 . @ForeignOfficePk @MoIB_Official @PTVNewsOfficial @RadioPakistan @appcsocialmedia @GovtofPakistan @PakTVGlobal https://t.co/rwFIo9hfwR
— Pakistan Embassy China (@PakinChina_) November 24, 2026
पेलोड स्पेशलिस्ट, अंतरिक्ष में जीशान को मिलेगा हलाल भोजन
शेनझोउ-24 मिशन में जीशान अली के साथ चीन के अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो और वू यी सवार हैं. मिशन की कमान तांग होंगबो के हाथों में है, जबकि वू यी मिशन पायलट की भूमिका निभा रहे हैं. पाकिस्तान सेना के अनुसार, जीशान अली इस मिशन में पेलोड स्पेशलिस्ट हैं और उनका मुख्य दायित्व पाकिस्तान के वैज्ञानिक कार्यक्रमों से जुड़े प्रयोगों का संचालन करना है.
उनके लिए अंतरिक्ष यात्रा के दौरान हलाल भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके अलावा मिशन संचालन से जुड़े निर्देश चीनी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में तैयार किए गए हैं, ताकि उन्हें कामकाज में कोई कठिनाई न हो.
90 से ज्यादा वैज्ञानिक प्रयोग होंगे अंतरिक्ष में, सात महीने तक लिया विशेष प्रशिक्षण
मिशन के दौरान पूरी टीम लगभग 90 वैज्ञानिक प्रयोग और तकनीकी परीक्षण करेगी. पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार जीशान अली माइक्रोएल्गी (सूक्ष्म शैवाल) की खेती से जुड़े प्रयोग करेंगे, जिन्हें भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों में भोजन और ऑक्सीजन के संभावित स्रोत के रूप में देखा जा रहा है. इसके अलावा क्विनोआ बीजों पर अंतरिक्ष वातावरण के प्रभाव का भी अध्ययन किया जाएगा.
मिशन से पहले उन्होंने कहा ‘मैं सिर्फ अपने लिए नहीं उड़ रहा हूं, मेरे कंधों पर 25 करोड़ पाकिस्तानियों की उम्मीदें हैं.'
यह भी पढ़ें : Shenzhou-24 मिशन का लॉन्च सफल; पाकिस्तान का पहला अंतरिक्ष यात्री पहुंचा स्पेस स्टेशन, चीन के साथ रचा इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं