विज्ञापन
This Article is From Feb 15, 2011

'मुबारक युग का अंत, अब वास्तविक लोकतंत्र का समय'

वाशिंगटन: अमेरिकी विदेशमंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक के युग का अंत हो गया है और अब मिस्र में वास्तविक लोकतंत्र का समय है। हिलेरी ने अल-जजीरा समाचार चैनल के साथ साक्षात्कार में कहा, मुबारक युग का अंत हो गया है। अब वहां नया प्रयास शुरू हो रहा है और अमेरिका चाहता है कि वहां वास्तविक लोकतंत्र आए। हम इसके प्रबल पक्षधर हैं। हम इसे जल्द से जल्द देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि परिवर्तन के इस असाधारण आंदोलन के नतीजे पर नजर रखने की आवश्यकता है। उन्हें लगता है कि इसे ऐसी बाह्य और आंतरिक शक्तियां हथिया सकती हैं जो प्रतिबद्धताओं का पालन नहीं करतीं और जो मिस्र के लोगों की आकांक्षाओं को नहीं समझतीं। अमेरिकी विदेशमंत्री ने कहा इसलिए हमारा उद्देश्य नतीजों पर नजर रखना है। हमें लोकतंत्र की जरूरत है जो मिस्र के लोगों की जरूरतों को पूरा करेगा और जिससे मिस्र को समूचे क्षेत्र के लिए एक आदर्श की तरह काम करने का मौका मिलेगा। हिलेरी ने कहा कि मिस्र के लोगों को अपनी राजनीतिक भागीदारी तथा आवश्यक परिवर्तन हासिल करने के लिए अपने आंदोलन की असल शक्ति को बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा, मेरा मतलब यह है कि जिन परिवर्तनों का वायदा किया गया है वे होने चाहिए। वहां समावेशी प्रतिनिधित्व की आवश्यकता है। इसलिए मिस्र के समाज के विभिन्न तबकों को जिम्मेदारी उठाने और लक्ष्यों को हासिल करने के लिए एकजुट होकर काम करने के लिए कदम उठाने होंगे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com