विज्ञापन
This Article is From Mar 08, 2011

लीबिया में अब बचे हैं 1700 भारतीय

भारत हिंसाग्रस्त लीबिया को छोड़ने के इच्छुक अपने सभी नागरिकों को 10 मार्च तक निकाल लेगा। अब केवल 1700 भारतीय निकाले जाने शेष हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: भारत हिंसाग्रस्त लीबिया को छोड़ने के इच्छुक अपने सभी नागरिकों को 10 मार्च तक निकाल लेगा। उत्तरी अफ्रीकी देश से अब केवल 1700 भारतीय निकाले जाने शेष हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि दो सप्ताह पहले शुरू किए गए 'ऑपरेशन सेफ होमकमिंग' के बाद करीब 36 विशेष विमानों के जरिए नागरिकों की स्वदेश वापसी हुई है। अधिकारी के मुताबिक मध्य फरवरी में लीबिया के शासक मुअम्मार गद्दाफी के खिलाफ शुरू हुए प्रदर्शन के पहले वहां करीब 18,000 भारतीय मौजूद थे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, "वहां से अतिरिक्त 1000 नागरिकों को निकालने के लिए एयर इंडिया के तीन विमान मंगलवार को राजधानी त्रिपोली भेजे जाएंगे।" मंत्रालय के अनुसार, "मंगलवार शाम तक त्रिपोली से निकाले जाने वाले भारतीयों की संख्या घटकर करीब 1700 हो जाएगी। इनमें से 400 भारतीय नागरिक सिर्ते से सड़क मार्ग के जरिए त्रिपोली पहुंचने वाले हैं।" मंत्रालय ने बताया कि लीबिया के सिर्ते शहर में मौजूद चार्टर्ड पोत एमवी रेड स्टार वन से उम्मीद है कि वह 170 भारतीयों को लेकर गुरुवार को माल्टा लौटेगा। यहां से नागरिक विशेष विमानों के जरिए स्वदेश लौटेंगे। इसके साथ ही सिर्ते से सभी नागरिकों की वापसी हो जाएगी। इसके अलावा दूसरे पोत एमवी स्कोटिया से उम्मीद है कि वह बेनघाजी शहर से 972 नागरिकों को लेकर मंगलवार देर रात तक अलेक्जेंड्रिया पहुंचेगा। मंत्रालय के मुताबिक यहां से सभी भारतीय हवाई जहाज से स्वदेश पहुंचेंगे। एयर इंडिया का विमान एआई-160 त्रिपोली से नई दिल्ली के लिए उड़ान भर चुका है। इस पर 261 नागरिक सवार हैं। इसे रविवार रात माल्टा हवाई अड्डे पर अचानक उतरना पड़ा था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
लीबिया, भारतीय
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com