विज्ञापन

कौन है फारूक अब्दुल्ला पर गोली चलाने वाला कमल सिंह? 20 साल से मौके का कर रहा था इंतजार, सिर पर तान दी बंदूक

Farooq Abdullah Firing News: फारूक अब्दुल्ला पर जम्मू में शादी समारोह के दौरान कमल सिंह ने पॉइंट‑ब्लैंक रेंज से गोली चलाने की कोशिश की. आरोपी ने 20 साल से मौका तलाशने की बात कबूली. सुरक्षाकर्मियों ने हमला नाकाम किया. सीएम उमर अब्दुल्ला ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताया.

कौन है फारूक अब्दुल्ला पर गोली चलाने वाला कमल सिंह? 20 साल से मौके का कर रहा था इंतजार, सिर पर तान दी बंदूक
Farooq Abdullah Assassination Attempt: फारूख अब्दुल्ला पर कमल ने किया था हमला
  • जम्मू में एक शादी समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर बंदूक से हमला हुआ.
  • हमलावर की पहचान कमल सिंह जम्वाल के रूप में हुई. वो 20 साल से फारूक अब्दुल्ला को मारने का प्लान कर रहा था.
  • कमल सिंह के पास लाइसेंसी पिस्तौल थी और वह नशे में था, पुलिस उसकी मानसिक स्थिति और संपर्कों की जांच कर रही.
नई दिल्ली:

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला (Farooq Abdullah) पर हुए हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया. यह हमला जम्मू के ग्रेटर कैलाश में एक शादी समारोह में हुआ, जहां फारूक अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी के साथ पहुंचे थे. अचानक भीड़ में से एक व्यक्ति पीछे से आया, पिस्तौल उनकी कनपटी पर तान दी और निशाना साधकर फायर किया. गनीमत रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को तुरंत पकड़ लिया.

हमलावर कौन है? 20 साल से मौके की तलाश में था

पुलिस ने आरोपी की पहचान कमल सिंह जम्वाल, उम्र करीब 65 वर्ष, निवासी पुरानी मंडी, जम्मू के रूप में की है. पूछताछ में कमल सिंह ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने पुलिस को बताया, 'मैं पिछले 20 साल से फारूक अब्दुल्ला को मारने का इंतजार कर रहा था. आज मौका मिला लेकिन वह बच गए.' यह बयान उसने अपनी गिरफ्तारी के बाद पुलिस को दिया.

कमल सिंह के पास लाइसेंसी पिस्तौल थी और वह कथित तौर पर नशे में भी था. पुलिस ने उससे हथियार बरामद कर लिया है और पूछताछ जारी है कि उसकी मंशा केवल निजी दुश्मनी थी या इसके पीछे कोई और साजिश. सुरक्षा एजेंसियां उसके बैकग्राउंड, संपर्कों और मानसिक स्थिति की भी जांच कर रही हैं.

हमला कैसे हुआ? CCTV वीडियो में क्या दिखा

जैसे ही फारूक अब्दुल्ला शादी समारोह से बाहर निकल रहे थे, CCTV में दिखता है कि आरोपी कमल सिंह पीछे से आता है, पिस्तौल सिर के बगल में लगाता है और गोली चलाता है. इस दौरान NSG और J-K पुलिस के कमांडो तुरंत हरकत में आए और उसका हाथ झटक दिया, जिससे गोली लक्ष्य चूक गई. इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे जमीन पर दबोच लिया. भीड़ ने भी उसे पकड़ने में मदद की.

घटना के ठीक बाद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कमल सिंह को पकड़े जाने और लोगों द्वारा घेरने के दृश्य साफ दिख रहे हैं. CCTV फ़ुटेज में पूरी घटना के फ्रेम मौजूद हैं.

उमर अब्दुल्ला बोले- Allah is kind

हमले के तुरंत बाद फारूक अब्दुल्ला के बेटे और J-K के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने X (ट्विटर) पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, 'अल्लाह मेहरबान है. मेरे पिता बाल-बाल बच गए. फिलहाल पूरी जानकारी अधूरी है, लेकिन इतना पता चला है कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल लेकर बिल्कुल करीब आ गया और गोली चला दी. सुरक्षा दल ने ही गोली को रोककर हत्या के प्रयास को नाकाम कर दिया. फिलहाल सवालों से ज्यादा जवाब नहीं हैं, जिनमें से एक यह भी है कि कोई व्यक्ति राष्ट्रीय सुरक्षा बल (एनएसजी) द्वारा सुरक्षित पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कैसे पहुंच गया.' उमर ने सुरक्षा चूक पर गंभीर सवाल उठाए और उच्च-स्तरीय जांच की मांग की है. 

यह भी पढ़ें- पास आया, तान दी पिस्तौल... कुछ यूं बाल-बाल बचे फारूक अब्दुल्ला, वीडियो आया सामने

डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी थे साथ

हमले में डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी को भी मामूली चोट आई, जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया. दोनों नेता कुछ पल के अंतर से बड़ी घटना से बच गए.

जम्मू पुलिस का आधिकारिक बयान

जम्मू पुलिस के अनुसार यह हमला रॉयल पार्क, ग्रेटर कैलाश, जम्मू में शादी समारोह के दौरान हुआ. सुरक्षा दल ने तुरंत प्रतिक्रिया देकर हमलावर को काबू किया. आरोपी का नाम कमल सिंह, पिता अजीत सिंह, निवासी पुरानी मंडी है. उसकी पिस्तौल बरामद कर ली गई है और विस्तृत जांच चल रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Farook Abdullah, Farukh Abdullah Firing, Jammu Kashmir Firing, Firing On Farooq Abdullah
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com