विज्ञापन

किम जोंग की दिमाग की नस फटने से नहीं हुई मौत! अफवाहों के बीच नॉर्थ कोरिया ने दिया जिंदा होने का सबूत

सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि 42 साल के किम जोंग उन के दिमाग की एक नस फट गई थी. इसके बाद वह कोमा में चले गए थे. बताया गया कि उन्हें इमरजेंसी इलाज के लिए नॉर्थ कोरिया से बीजिंग ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई. अब नॉर्थ कोरिया ने सबूत दुनिया के सामने रखा है.

किम जोंग की दिमाग की नस फटने से नहीं हुई मौत! अफवाहों के बीच नॉर्थ कोरिया ने दिया जिंदा होने का सबूत
किम जोंग उन की मौत की अफवाहों के बाद नॉर्थ कोरिया ने दिया जिंदा होने का सबूत

नॉर्थ कोरिया के नेता किम जोंग को लेकर सोशल मीडिया पर दावा किया गया था कि उनकी मौत हो चुकी है. दिमाग की नस फटने की वजह से तानाशाह की मौत की जा रही थी. ऐसे में नॉर्थ कोरिया ने अपने नेता की नई तस्वीरें जारी की हैं. इन तस्वीरों में वह जूतों और महिलाओं के कपड़ों की एक प्रदर्शनी का निरीक्षण करते दिखाई दे रहे हैं. खुद नॉर्थ कोरिया के सरकारी मीडिया ने सोमवार को ये तस्वीरें जारी कीं. इनमें किम बच्चों के जूतों को देखते, अधिकारियों की ओर इशारा करते और महिलाओं के कोट का निरीक्षण करते नजर आ रहे हैं. 

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर उनकी मौत का दावे फैलने के कुछ घंटे बाद सामने आईं. इन दावों में कहा गया था कि 42 साल के किम जोंग उन के दिमाग की एक नस फट गई थी. इसके बाद वह कोमा में चले गए थे. बताया गया कि उन्हें इमरजेंसी इलाज के लिए बीजिंग ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई.

अब नॉर्थ कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने बताया कि किम ने सोमवार को प्रदर्शनी का दौरा किया था. हालांकि, इन तस्वीरों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. यह भी साफ नहीं है कि ये तस्वीरें वास्तव में कब ली गई थीं. एक तस्वीर में किम झुककर एक छोटे गुलाबी जूते को देखते नजर आ रहे हैं. यह जूता एक महिला के हाथ में है. दूसरी तस्वीर में वह दोनों हाथ फैलाकर एक अधिकारी से बात करते दिखाई दे रहे हैं. तीसरी तस्वीर में वह एक पुतले (मैनेक्विन) पर पहनाए गए महिलाओं के कोट की आस्तीन की ओर हाथ बढ़ाते नजर आ रहे हैं.
Latest and Breaking News on NDTV
Latest and Breaking News on NDTV

Latest and Breaking News on NDTV

सोशल मीडिया पर क्या दावा किया गया?

अमेरिका में रहने वाले चीन के असंतुष्ट नागरिक और चाइना डेमोक्रेसी पार्टी से जुड़े वानजुन शिए ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया था. उन्होंने लिखा, "नॉर्थ कोरिया के नेता किम जोंग उन की मौत की अफवाहें कई दिनों से ऑनलाइन फैल रही हैं. लेकिन किम जोंग उन इन अफवाहों को गलत साबित करने के लिए अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं. यह बात अप्रत्यक्ष रूप से इस संभावना की पुष्टि करती है कि उनकी मौत की अफवाहें सच हो सकती हैं."

उन्होंने आगे दावा किया, "यह भी अफवाह है कि किम जोंग उन की मौत के बाद नॉर्थ कोरिया की सत्ता उनकी बेटी किम जू ए को नहीं सौंपी गई है, बल्कि फिलहाल उनकी बहन किम यो जोंग के हाथों में है."

पहले दावा किया- किम की मौत हो गई, चीन ने भेजे 9,000 सैनिक

वानजुन शिए ने शुरुआत में दावा किया था कि किम जोंग उन की मौत हो गई है. उन्होंने यह भी कहा था कि नॉर्थ कोरिया में सत्ता को लेकर संकट पैदा होने की आशंका के बीच चीन ने राजधानी प्योंगयांग में 9,000 सैनिक भेजे हैं. इसके बाद उन्होंने दावा किया कि बीजिंग के पेकिंग यूनियन मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के एक्सपर्ट डॉक्टर शनिवार को नॉर्थ कोरिया पहुंचे थे. ये डॉक्टर किम जोंग उन का इलाज करने गए थे, क्योंकि उनके दिमाग की एक नस फट गई थी. उन्होंने यह भी दावा किया कि किम का शव गुप्त रूप से वापस नॉर्थ कोरिया ले जाया गया और उनकी मौत की खबर छिपाकर रखी जा रही है.

बता दें कि इससे पहले साउथ कोरिया की राष्ट्रीय खुफिया सेवा ने 30 सितंबर को वहां के सांसदों को बताया था कि किम का वजन करीब 140 किलोग्राम यानी 309 पाउंड है. उनके बहुत ज्यादा मोटापे के कारण दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. हालांकि, खुफिया एजेंसी को उनकी सेहत खराब होने के कोई बड़े संकेत नहीं मिले थे. एजेंसी ने इसका उदाहरण देते हुए बताया था कि नौसेना के एक युद्धपोत का निरीक्षण करते समय किम सीढ़ियां चढ़ पा रहे थे.

2020 में भी किम की मौत की उड़ी थी अफवाह

किम जोंग उन की मौत को लेकर चल रही मौजूदा अफवाहों की याद 2020 की एक घटना से भी जुड़ती है. उस समय नॉर्थ कोरिया छोड़कर साउथ कोरिया पहुंचे जी सोंग हो ने दावा किया था कि उन्हें 99 प्रतिशत यकीन है कि दिल से जुड़ी सर्जरी के बाद किम की मौत हो गई है. जी सोंग हो बाद में साउथ कोरिया के सांसद बने थे. हालांकि, कुछ समय बाद किम जोंग उन सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए थे. इसके बाद जी सोंग हो ने गलत दावा करने के लिए माफी मांगी थी.

यह भी पढ़ें: साउथ कोरिया और अमेरिका को धमकाने वाला किमजोंग खुद मौत की तरफ बढ़ रहा है?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
North Korea, Kim Jong Un, Kim Jong Un Death
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com