विज्ञापन

जापान में सस्ते घर के लिए 'भूत' के साथ रह रहे लोग, रातभर आती हैं अजीब आवाजें, खरीदने वाली ने कहा- थैंक्यू भूत

जापान की राजधानी टोक्यो में रयुआ पिछले 4 सालों से अपने तथाकथित भूतहा फ्लैट में रह रही हैं और कहती हैं कि वह अपने भूतहा फ्लैटमेट के साथ रहकर खुश है. वह कहती है, "मेरा मानना ​​है कि भूत कभी इंसान हुआ करते थे, इसलिए वे हमारे सम्मान के हकदार हैं."

जापान में सस्ते घर के लिए 'भूत' के साथ रह रहे लोग, रातभर आती हैं अजीब आवाजें, खरीदने वाली ने कहा- थैंक्यू भूत
सस्ते रेंट के लिए जापान में लोग भूतहा घर में भी हर रहे (प्रतिकात्मक फोटो)

जापान में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो ऐसे घरों में खुशी-खुशी रहते हैं जहां उनका मानना है कि सचमुच में भूत भी रहते हैं. इन लोगों ने आपदा को अवसर में बदल लिया है. उन्हें ऐसे भूतहा घर बहुत सस्ते रेंट पर मिल जा रहे हैं और ऐसे में वह घर कथित भूतों के साथ शेयर करने से हिचक नहीं रहे हैं. बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार टोक्यो में अपने किराए के अपार्टमेंट में पहली बार कदम रखते ही रयुआ को लगा कि वहां भूत-प्रेत हैं. उनके अनुसार जब वह उस जगह को देखने गई थी, तो वहां एक आदमी खड़ा था जो उन्हें घूर रहा था. उनके अनुसार वह आदमी केवल उन्हें ही दिख रहा था इसलिए उन्हें समझ आ गया कि वह जरूर कोई भूत होगा. कोई भी दूसरा आम इंसान होता तो शायद तुरंत वह फ्लैट छोड़कर चला जाता और कभी वापस न आता. लेकिन रयुआ ने वहां रहने का फैसला किया और पिछले 4 साल से वहीं रह रही हैं.

उनका कहना है कि उन्हें रोजाना भूत-प्रेत वाली अजीबों-गरीब घटनाओं का सामना करना पड़ता है. वे बताती हैं कि उन्हें लगातार कदमों की आहटें सुनाई देती हैं और भूत की बातें करने की आवाजें भी आती हैं.

30 परसेंट कम रेंट देती हैं रयुआ

रिपोर्ट के अनुसार रयुआ को बताया गया कि उनके अपार्टमेंट में एक आदमी ने सुसाइड कर लिया. इसी वजह से जापान की राजधानी के पॉश इलाके में स्थित उनके 25 स्क्वायर मीटर के छोटे से अपार्टमेंट के किराए में उन्हें लगभग 30% की छूट मिल गई. वह बताती है कि वह हर महीने 45,000 येन (लगभग 27 हजार रुपये) किराया देती है, जबकि कायदे से उन्हें 62,000 येन देना पड़ता.

रयुआ का कहना है कि वह अपने भूतहा फ्लैटमेट के साथ रहकर खुश है. वह कहती है, "मेरा मानना ​​है कि भूत कभी इंसान हुआ करते थे, इसलिए वे हमारे सम्मान के हकदार हैं."

रिपोर्ट के अनुसार इसी तरह 79 साल की अमेरिकी महिला टिंचर लगभग 40 साल से जापान में रह रही हैं और टूर गाइड के रूप में काम करती हैं. उनका कहना है कि ब्रोकर ने उनसे पूरी बात साफ-साफ कह दी थी कि उनके घर पर भारी छूट दी गई थी क्योंकि वहां एक बुजुर्ग महिला की अकेले ही मौत हो गई थी. इस वजह से उस घर को लेकर एक तरह का कलंक जुड़ गया था. टिंचर ने इस घर के लिए 2 करोड़ येन का भुगतान किया, जबकि ऐसी ही दूसरी प्रॉपर्टी वहां आमतौर पर 4.5 करोड़ येन तक में बिकती हैं.

वह कहती हैं कि मैं भूतों में विश्वास नहीं करती. लेकिन मुझे पता है कि जापानी लोग बहुत अंधविश्वासी होते हैं. "अगर कोई भूत है भी, तो मैं हर दिन उसकी शुक्रगुजार हूं कि मुझे इतना शानदार और सस्ता घर मिला."

'भूतहा घर' को लेकर क्या है जापान में नियम?

2021 में जापान की सरकार ने नियम बनाया था कि जापान में घर बेचने या किराए पर देने वाले एजेंट को बताना होगा कि क्या उस घर में पहले कभी आत्महत्या, हत्या, आग से मौत या ऐसी कोई मौत हुई है जहां लाश काफी दिनों तक पड़ी रही हो. किराए वाले घर के लिए यह जानकारी 3 साल तक बतानी जरूरी है. लेकिन अगर घर बेचा जा रहा है तो यह बात हमेशा बतानी पड़ेगी, चाहे घटना कितनी भी पुरानी क्यों न हो.

नोट- स्टोरी के आखिर में सबसे अहम बात. साइंस ऐसी किसी भी भूत-प्रेत वाली अजीबों-गरीब घटनाओं पर विश्वास नहीं करता. साइंस की नजर से देखें तो आज तक यह साबित नहीं हो पाया है कि मरने के बाद लोगों की आत्मा यहां धरती पर भटकती है. उसके अनुसार यह लोगों का भ्रम है या फिर उनका अंधविश्वास.

(इनपुट- बीबीसी)

यह भी पढ़ें | अमेरिका में घर आकर टॉयलेट साफ कर रहा रोबोट ताऊ, हर घंटे के लेता है 3 हजार, लोग बोले- इस वजह से बहुत गंदा है

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ghost, Japan, Haunted Homes Japan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com