जापान में घटती जन्म दर बढ़ाने के लिए वहां की सरकार ने 2024 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से लैस एक डेटिंग ऐप शुरू किया था. न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट है कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस ऐप के जरिए मिलने वाले 265 कपल अब शादी कर चुके हैं. टोक्यो एनमुसुबी (TOKYO Enmusubi) नाम के इस ऐप को सितंबर 2024 में शुरू किया गया था. इससे पहले हुए एक सर्वे में पता चला था कि जापान में शादी करने के इच्छुक करीब 70% लोग रिश्ता ढूंढने की कोशिश ही नहीं कर रहे थे.
फिर सरकार ही लेकर आई डेटिंग ऐप
लोगों की इस हिचक को दूर करने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि ऐप पर सिर्फ शादी के इच्छुक लोग ही आएं, रजिस्ट्रेशन करने वालों को यह साबित करना पड़ता था कि कानूनी रूप से उनकी शादी नहीं हुई है, वे सिंगल हैं. इसके अलावा उन्हें एक ऑनलाइन इंटरव्यू भी पास करना होता था और कुछ अन्य शर्तें भी पूरी करनी पड़ती थीं. इस साल 30 जून तक ऐप पर 16,000 लोग रजिस्टर्ड थे. शुरुआत में करीब 36,000 लोगों ने आवेदन किया था, लेकिन जांच के बाद सिर्फ 16,000 लोगों को मेंबर बनाया गया. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इनमें से 760 कपल सीरियस रिलेशनशिप में थे. इनमें से 265 कपल ने शादी कर ली.
जापान में कम हो रही आबादी
जून में जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2025 में जापानी नागरिकों के यहां जन्म लेने वाले बच्चों की संख्या घटकर 6,71,236 रह गई, जो अब तक का सबसे कम आंकड़ा है. यह लगातार 10वां साल है, जब जन्मों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई. वहीं, मौतों की संख्या 16 लाख से ज्यादा रही, जो जन्मों के मुकाबले दोगुने से भी अधिक है. जापान के स्वास्थ्य, श्रम और कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, शादी की संख्या में हल्की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन प्रजनन दर (फर्टिलिटी रेट) 0.01 अंक घटकर 1.14 रह गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं