- अमेरिका और ईरान के बीच छह महीने से चल रहे संघर्ष में दोनों ओर से 6000 से अधिक लोग मारे गए हैं
- अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस संघर्ष को युद्ध नहीं माना
- अमेरिका ने ईरान में एक शादी समारोह पर हुए हमले की जांच शुरू की है, जिसमें चार लोगों की मौत हुई
अमेरिका और ईरान के युद्ध में जो न होना था, वह सब हो गया. दोनों तरफ से 6000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई. कई देश इस युद्ध में जल रहे हैं. लेकिन इसके बावजूद अमेरिकी सरकार कह रही है कि यह युद्ध थोड़ी है. अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने गुरुवार को साफ-साफ कहा कि वह ईरान के साथ चल रहे संघर्ष को युद्ध नहीं कहेंगे. यह बात उन्होंने ऐसे समय कही है, जब संघर्ष शुरू होने के छह महीने बाद भी ईरान के साथ झड़पें जारी हैं. वेंस का यह बयान ऐसे समय आया है, जब ऐसे संकेत बढ़ रहे हैं कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस संघर्ष को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं. इस संघर्ष की वजह से उनकी सरकार लंबे समय से मुश्किल में फंसी हुई है.
दूसरी तरफ अमेरिका ने ईरान के अंदर एक शादी पर हुए हमले की जांच शुरू कर दी है. इसमें एक बच्चे सहित 4 लोगों की मौत हो गई थी. 50 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. अमेरिकी सेना पर वॉर क्राइम के आरोप लग रहे हैं.
"मैं इसे युद्ध नहीं कहूंगा"
जब वेंस से पूछा गया कि क्या नवंबर में होने वाले अमेरिका के मध्यावधि चुनाव तक युद्ध खत्म हो जाएगा, तो उन्होंने व्हाइट हाउस की प्रेस ब्रीफिंग में कहा, “मैं इसे युद्ध नहीं कहूंगा. अभी गोली (एक्टिव शूटिंग) थोड़ी चल रही है. वेंस ने आगे कहा, “मैं मानता हूं कि कुछ जगहों पर स्थिति फिर से बिगड़ी है. लेकिन उन्होंने कहा कि 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल युद्ध शुरू होने के बाद बड़े स्तर की सैन्य लड़ाई केवल छह हफ्ते तक चली थी.
उन्होंने कहा, “लेकिन जब आप पूछते हैं कि यह कब खत्म होगा, तो आप मुझसे ऐसा सवाल पूछ रहे हैं कि ईरानी जहाजों पर गोलीबारी करना कब बंद करेंगे? सच यह है कि मुझे इस सवाल का जवाब नहीं पता. इसका जवाब आपको ईरानियों से पूछना होगा."
शादी पर हमले की जांच
ईरान ने गुरुवार को भी नए हमले जारी रखे. ईरान ने कहा कि उसने कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. ईरान ने यह हमला एक शादी समारोह पर हुए हमले का बदला लेने के लिए किया. ईरान ने इस शादी पर हुए हमले के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है. वहीं जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिका शादी पर हुए हमले की जांच कर रहा है. हालांकि, उन्होंने इस घटना को लेकर ईरान की खबरों पर संदेह जताया.
ईरान के रेड क्रिसेंट संगठन ने कहा कि ईरान के तटीय शहर कुहैस्तक में मंगलवार देर रात एक शादी समारोह पर मिसाइल हमला हुआ. इसमें एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं