ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में लगी भीषण आग के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. इस हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि कई यात्री झुलस गए थे. पुलिस ने मामले की जांच के बाद बस के दो ड्राइवरों और एक हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ की और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन, विनोद और योगेश के रूप में हुई है. पवन और विनोद बस के चालक थे, जबकि योगेश हेल्पर के तौर पर काम कर रहा था. हादसे के बाद जेवर थाने में दर्ज मुकदमे के आधार पर कार्रवाई की गई है. पुलिस अब आग लगने के कारणों की जांच कर रही है.
दिल्ली से महोबा जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बस दिल्ली से उत्तर प्रदेश के महोबा जा रही थी. बस का नंबर BR32 PA8647 था और यह राज कल्पना ट्रैवल्स की बस बताई गई. देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर के दौरान अचानक बस में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया.
एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार, बस में सवार यात्रियों को रास्ते में ही जलने की तेज बदबू महसूस होने लगी थी. यात्रियों ने चालक और परिचालक को इसकी जानकारी देते हुए बस रोककर जांच करने की मांग की. आरोप है कि उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया और बस को आगे बढ़ाया जाता रहा है.
ड्राइवर केबिन के पास उठीं आग की लपटें
बताया गया कि कुछ देर बाद ड्राइवर केबिन की तरफ से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं. इससे बस में अफरा-तफरी मच गई. जान बचाने के लिए कई यात्रियों ने चलती बस से कूदने का प्रयास किया. हालांकि कुछ लोग बाहर निकलने में सफल नहीं हो सके और आग की चपेट में आ गए.
9 लोगों की गई जान, जांच जारी
इस भीषण हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई थी. कई अन्य यात्री गंभीर रूप से झुलस गए थे. पुलिस अब बस में सवार सभी यात्रियों की सूची तैयार कर रही है और तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच के आधार पर अन्य जिम्मेदार लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है.
यह भी पढ़ें- 'भैया, कुछ जल रहा है...' FIR में दावा- ड्राइवर बोला, 'मरना है तो मरो' ; कुछ देर बाद चली गई 9 की जान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं