- ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने UNGA में अपने देश के खिलाफ अमेरिकी हमलों की कड़ी निंदा की
- पेजेश्कियान ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की धमकी का जवाब देते हुए कहा कि ईरान कभी भी दबाव में नहीं आएगा
- उन्होंने खामेनेई की तस्वीर दिखाकर अमेरिकी-इजरायली हमले में मारे गए ईरानी नेताओं और बच्चों को याद किया
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) को संबोधित किया. यह पहली बार है जब किसी विदेशी नेता ने एक ऐसे देश के मंच से वैश्विक संस्था को संबोधित किया, जिसके साथ वह जंग लड़ रहा है. कड़ी सुरक्षा के बीच न्यूयॉर्क पहुंचे मसूद पेजेश्कियान ने संबोधन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम लिया और कहा कि ईरान कभी झुकेगा नहीं.
पेजेश्कियान ने ट्रंप का नाम लेते हुए कहा कि 'कल अमेरिकी राष्ट्रपति ने हमारे देश के बारे में जो कहा, वह संयुक्त राष्ट्र के नियमों, उसकी भावना और इंसानियत के बुनियादी उसूलों के खिलाफ है. ये बात अंतरराष्ट्रीय कानून और कूटनीति के जानकार अच्छे से समझते हैं.'
उन्होंने यह बात ट्रंप की उस टिप्पणी पर की, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर 7 महीने से जारी युद्ध को खत्म करने के लिए जल्द ही कोई समझौता नहीं हुआ, तो वह ईरान को 'खत्म' कर सकते हैं.
खामेनेई की तस्वीर दिखाकर की शुरुआत
UNGA में अपने संबोधन की शुरुआत में मसूद पेजेश्कियान ने ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की तस्वीर दिखाई. अली खामेनेई की 28 फरवरी को अमेरिकी-इजरायली हमले में मौत हो गई थी.
खामेनेई की तस्वीर के बाद उन्होंने युद्ध के शुरुआती दिनों में मारे गए 150 से ज्यादा स्कूली बच्चों की तस्वीर भी दिखाई. ये तस्वीर उन्हीं बच्चियों की थी जो मिनाब स्कूल में पढ़ती थीं और अमेरिकी हमले में मारी गई थीं.

यह भी पढ़ेंः पहले अक्षय कुमार, अब साउथ का हीरो... भारतीय फिल्मों के जरिए ट्रंप को कैसे घेर रहा ईरान
ट्रंप का नाम लेकर बोले- हम झुकेंगे नहीं
मसूद पेजेश्कियान ने संयुक्त राष्ट्र के मंच से कहा कि उनका देश अमेरिका के 'आतंकवाद' का शिकार हुआ है.
उन्होंने कहा, 'हमने केवल अपना बचाव किया है. हम आतंकवादी नहीं हैं. हमारे मासूम लोग हमारे देश पर थोपे गए कायरतापूर्ण हमलों और आक्रामकता का शिकार हुए हैं और हमने पूरी ताकत से अपना बचाव किया. अमेरिका और इजरायल ने हम पर हमला किया.'
उन्होंने अमेरिका के बारे में आगे कहा, 'हां, उन्होंने हम पर हमला किया, लेकिन हमने घुटने नहीं टेके.' उन्होंने कहा, 'उन्हें ये समझना चाहिए कि जितना ज्यादा प्रतिबंध लगाएंगे, दबाव बनाएंगे और धमकाएंगे, ईरान के लोगों का विरोध उतना ही बढ़ेगा.'
VIDEO | Calling out Trump by name, Iran's president at UN says Washington does not understand the country it seeks to 'bully'.
— Press Trust of India (@PTI_News) September 23, 2026
Source: Third party. pic.twitter.com/GOZxbv0inB
पेजेश्कियान ने ट्रंप का नाम लेते हुए कहा, 'हम कभी भी अपना सिर नहीं झुकाएंगे, कभी घुटने नहीं टेकेंगे.'
उन्होंने कहा, 'मैं मिस्टर ट्रंप और हमें धमकाने की कोशिश करने वालों से कहना चाहता हूं कि ईरान को समझें. हम बातचीत, कूटनीति और समझौते के लिए तैयार हैं, लेकिन ताकत की भाषा हम कभी स्वीकार नहीं करेंगे.'
पेजेश्कियान ने दावा किया कि ईरान ने कभी भी सिविलियन ठिकानों पर हमला नहीं किया.
अमेरिका-ईरान और 24 घंटे
अमेरिका और ईरान के संबंधों के लिहाज से बीते 24 घंटे काफी अहम रहे हैं. एक दिन पहले ही ट्रंप ने UNGA में ईरान को खत्म करने की बात कही थी.
कुछ घंटों बाद, ट्रंप ने मीडिया को बताया कि उनके मुख्य दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने ईरानी अधिकारियों के साथ लगभग तीन घंटे तक बातचीत की. लेकिन उन्होंने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी कि उस दौरान क्या चर्चा हुई.
वहीं, मंगलवार को विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि न्यूयॉर्क में ट्रंप, पेजेश्कियान से मिलने के लिए तैयार हैं.
ये वीडियो भी देखेंः ईरान युद्ध का नया प्लान किसने बनाया? महायुद्ध का आखिरी राउंड बाकी है..
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं