विज्ञापन

बकरीद पर ईरान के सुप्रीम लीडर की मुसलमानों से अपील, जिनपर हमला किया उन्हें भी साथ आने का न्योता

Bakrid 2026: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह मुजतबा खामेनेई और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने मुस्लिम देशों के बीच मजबूत एकता की जरूरत पर जोर दिया है. यह पैगाम उस समय दिया गया है जब जंग की वजह से मिडिल ईस्ट में तनाव फैला हुआ है.

Bakrid 2026: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह मुजतबा खामेनेई और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान
  • बकरीद के मौके पर ईरान पूरी दुनिया के मुस्लिम देशों को एकजुट होने का संदेश दे रहा
  • सुप्रीम लीडर मुजतबा ने सभी इस्लामिक देशों और सरकारों को दोस्ती और सहयोग का निमंत्रण दिया
  • ईरानी राष्ट्रपति ने इराक, ओमान, कतर, तुर्किये, ताजिकिस्तान, मिस्र, किर्गिस्तान और अजरबैजान के नेताओं से बात की
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

Bakrid 2026: बकरीद के मौके पर ईरान पूरी दुनिया के मुस्लिम देशों को एकजुट होने का संदेश दे रहा है. मिडिल ईस्ट में 3 महीने से बढ़े तनाव और बदलते हालात के बीच ईरान ने मुस्लिम देशों से दोस्ती, सहयोग और साथ मिलकर आगे बढ़ने की अपील की है. ईरान का कहना है कि अगर इस्लामिक देश साथ आएं, तो क्षेत्र की समस्याओं और खतरों का मिलकर सामना किया जा सकता है. हज और बकरीद जैसे धार्मिक मौकों के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर और राष्ट्रपति दोनों ने मुस्लिम एकता पर जोर दिया है. उनके संदेश में साफ दिखा कि ईरान इस समय मुस्लिम देशों के बीच रिश्ते मजबूत करने और साझा सहयोग बढ़ाने की कोशिश कर रहा है.

मुस्लिम देशों को क्या बोले ईरान के सुप्रीम लीडर?

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह मुजतबा खामेनेई ने एक्स पर पोस्ट करते हुए सभी इस्लामिक देशों और सरकारों को दोस्ती और सहयोग का निमंत्रण दिया. उन्होंने कहा, “मैं सच्चे दिल और साफ नीयत के साथ सभी इस्लामिक देशों और सरकारों को भलाई के लिए दोस्ती और सहयोग का निमंत्रण देता हूं, ताकि हम मिलकर इस्लामिक उम्माह की तरक्की और इस्लामी दुनिया की समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम बढ़ा सकें.”

हालांकि इससे पहले उन्होंने अमेरिका को लेकर सख्त चेतावनी भी दी. उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र की जमीन अमेरिकी सैन्य ठिकानों के लिए सुरक्षित जगह नहीं रहेगी. यह बयान उस समय आया जब अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरानी मिसाइल ठिकानों और जहाजों पर हमला किया था.

मुस्लिम एकता पर क्या बोले ईरान के राष्ट्रपति?

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने भी मुस्लिम देशों के बीच मजबूत एकता की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने बकरीद से पहले इराक, ओमान, कतर, तुर्किये, ताजिकिस्तान, मिस्र, किर्गिस्तान और अजरबैजान के नेताओं से फोन पर बात की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्होंने सभी नेताओं को ईद-उल-अजहा की बधाई दी और उम्मीद जताई कि मुस्लिम देशों के दिल और करीब आएंगे. साथ ही हर क्षेत्र में सहयोग बढ़ेगा और खतरों का मिलकर सामना किया जाएगा.

उनका कहना था कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और चुनौतियों से निपटने के लिए मुस्लिम देशों की सामूहिक एकजुटता बेहद जरूरी है.

क्यों मनाते हैं बकरीद?

दुनियाभर के करोड़ों मुसलमान जिलहिज्जा महीने की 10वीं तारीख को ईद-उल-अजहा यानी बकरीद मनाते हैं. यह त्योहार हजरत इब्राहिम की अल्लाह के प्रति गहरी आस्था और कुर्बानी की भावना की याद में मनाया जाता है. मान्यता है कि हजरत इब्राहिम अपने बेटे हजरत इस्माइल की कुर्बानी देने को तैयार हो गए थे. उनकी आस्था देखकर अल्लाह ने बीच में दखल दिया और बेटे की जगह कुर्बानी के लिए एक भेड़ भेज दिया.

यह भी पढ़ें: अमेरिका के हमलों के बाद ईरान की खुली चेतावनी, 'कड़ा और जोरदार जवाब दिया जाएगा'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com