विज्ञापन

चंद सेकंड में आग का गोला बना यात्री विमान; ईरान के एयरपोर्ट पर मिसाइल अटैक, 9 महीने बाद सामने आया वीडियो

रनवे पर खड़ा एयरबस, कुछ सेकंड बाद तेज धमाका और फिर आग का विशाल गोला... ईरान युद्ध के शुरुआती दिनों का बताया जा रहा एक नया वीडियो सामने आया है, जिसने नागरिक विमानों की सुरक्षा और सैन्य अभियानों को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

चंद सेकंड में आग का गोला बना यात्री विमान; ईरान के एयरपोर्ट पर मिसाइल अटैक, 9 महीने बाद सामने आया वीडियो
ईरान के एयरबस पर सीधा मिसाइल हमला! 9 महीने बाद सामने आया चौंकाने वाला वीडियो
अल्टर्ड बाय NDTV
  • ईरान के यात्री विमान पर मिसाइल हमला; 9 महीने बाद सामने आया वीडियो, बसहेर एयरपोर्ट पर धूं-धूं कर जली एयरबस
  • अमेरिका-इजरायल हमले का बताया जा रहा वीडियो सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
  • नागरिक विमान पर हमले के दावों से बढ़ा विवाद
तेहरान:

ईरान-इजरायल-अमेरिका संघर्ष के शुरुआती दौर का एक नया वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सिविलियन्स पर हमले को लेकर बहस तेज हो गई है. कथित सीसीटीवी फुटेज में दक्षिणी ईरान के बसहेर एयरपोर्ट पर खड़े ईरान एयर के एयरबस A319 विमान पर मिसाइल हमला होता दिखाई दे रहा है. वीडियो में विमान कुछ ही क्षणों में आग के बड़े गोले में बदल जाता है. रिपोर्टों के मुताबिक यह विमान मार्च 2026 में एयरपोर्ट पर हुए हमलों के दौरान नष्ट हुआ था. वीडियो वायरल होने के बाद जहां कुछ लोग इसे नागरिको को निशाना बनाकर हमले की बात कर रहे हैं, वहीं एक पक्ष इसे युद्धकालीन सैन्य कार्रवाई के संदर्भ में देख रहा है.

पहली बार सामने आया युद्ध के दौर का अनदेखा सीसीटीवी फुटेज

रिपोर्टों के अनुसार नया वीडियो 28 फरवरी 2026 को शुरू हुए ईरान-अमेरिका-इजरायल संघर्ष के शुरुआती दिनों का बताया जा रहा है. फुटेज में बसहेर एयरपोर्ट के रनवे क्षेत्र में खड़ा ईरान एयर का एयरबस A319-111 विमान दिखाई देता है. कुछ ही क्षण बाद एक मिसाइल विमान से टकराती है और वह आग के विशाल गोले में बदल जाता है. बताया जा रहा है कि यह 24 वर्ष पुराना विमान पहले तेहरान से बसहेर पहुंचा था और जमीन पर खड़ा था.

मार्च 2026 में नष्ट हुआ था विमान, युद्ध के दौरान कई ठिकानों पर हुए थे हमले

विमानन रिकॉर्ड रखने वाली वेबसाइट एविएशन सेफ्टी के अनुसार संबंधित विमान 3 मार्च 2026 को एयरपोर्ट पर हुए हमलों के दौरान नष्ट हो गया था. अब 24 नवंबर को अनदेखा सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस पर बहस शुरू हो गई. एक पक्ष इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कह रहा है कि ये बेकसूर नागरिकों पर हमला है, बिना वजह के सिविलियन प्लेन को निशाना बनाया गया. जबकि कुछ टिप्पणियों में ईरान एयर पर पूर्व में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के लिए ट्रांसपोर्टेशन एक्टिविटी से जुड़े आरोपों का भी जिक्र किया गया.

उस समय की रिपोर्टों के मुताबिक अमेरिका और इजरायल ने ईरान के सैन्य तथा रणनीतिक ठिकानों पर संयुक्त अभियान चलाया था. इसमें मिसाइल ठिकानों, कमांड सेंटर, वायु रक्षा प्रणालियों और अन्य प्रमुख संस्थानों को निशाना बनाया गया था.

ईरानी मीडिया ने दावा किया था कि तेहरान स्थित मेहराबाद एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्र पर भी हमले हुए थे. समाचार एजेंसी मेहर द्वारा जारी तस्वीरों में रनवे के निकट धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया था.

ईरान ने भी किया था जवाबी हमला

रिपोर्टों के अनुसार अमेरिकी और इजरायली बलों ने फारस की खाड़ी में मौजूद युद्धपोतों से टॉमहॉक मिसाइलें दागीं और F-22 तथा F-35 जैसे स्टील्थ लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया. इसके जवाब में ईरान ने मिसाइलों और आत्मघाती ड्रोन हमले शुरू कर दिए थे. बताया गया कि ईरानी शाहेद ड्रोन और मिसाइलों ने इजरायल, अमेरिकी सैन्य ठिकानों और खाड़ी क्षेत्र के कुछ नागरिक इलाकों को भी निशाना बनाया गया था.

यह भी पढ़ें : ईरान से युद्ध खत्म करने की कोई जल्दी नहीं, युद्ध में खर्च रकम की हमने कर ली भरपाई... ट्रंप का दावा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Iran War, Missile Strike, Iran Israel Conflict, CCTV Footage, US Israel Strikes Iran
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com