- ईरान के शीर्ष नेता मोजतबा खामेनेई ने देश की घटती आबादी पर चिंता जताते हुए इसे बढ़ाने की अपील की है
- खामेनेई ने कहा कि युवा आबादी बढ़ने से देश मजबूत होगा, दुश्मनों के खतरों का सामना बेहतर तरीके से किया जा सकेगा
- उन्होंने कम उम्र में शादी और पारिवारिक संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया ताकि आबादी में वृद्धि हो सके
ईरान के शीर्ष नेता मोजतबा खामेनेई ने अपने देश के लोगों से आबादी बढ़ाने की अपील की है. उन्होंने देश की आबादी की ग्रोथ रेट निगेटिव होने पर चिंता जताई और कहा कि हम जितने ज्यादा होंगे, दुश्मन उतना ही डरेगा. उन्होंने कहा कि हमारे पास युवा आबादी जितनी अधिक होगी, हम उतना ही दुश्मन की ओर से पेश खतरों का सामना कर सकेंगे. खामनेई ने पॉपुलेशन ग्रोथ को लेकर हो रहे एक आयोजन में यह बात कही. उनका कहना था कि एक मजबूत ईरान बनाने के लिए जरूरी है कि हमारे यहां युवाओं की संख्या अच्छी हो. मोजतबा खामेनेई ने दुश्मन के खतरे वाली बात ऐसे समय में कही है, जब इजरायल और अमेरिका के साथ उसका युद्ध चल रहा है.
अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था और उसके शीर्ष नेता अयातुल्लाह खामेनेई की हत्या कर दी थी. वह मोजतबा खामेनेई के पिता थे और बीते कई दशकों से ईरान की लीडरशिप कर रहे थे. उन्होंने कहा कि आबादी को राष्ट्रीय रणनीति की प्राथमिकता में रखना होगा. मोजतबा का कहना है कि यदि आबादी बढ़ेगी तो इससे परिवार मजबूत होंगे और हर व्यक्ति की जरूरतें भी पूरी होंगी. उन्होंने कहा कि हमें आबादी की बढ़ोतरी के लिए कम आयु में शादियों को बढ़ावा देने होगा. इसके अलावा पारिवारिक संस्कृति को बढ़ाना होगा.
उन्होंने कहा कि हमें आबादी बढ़ाने के साथ ही लोगों के स्वास्थ्य की भी चिंता करनी होगी. उन्होंने कहा कि हमें खासतौर पर इसके लिए युवाओं तक संदेश पहुंचाना होगा. उन्हें बताना होगा कि शादी करना कितना जरूरी है और इसे कम उम्र में ही क्यों कर लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि अब हमारी राष्ट्रीय योजना का हिस्सा होना चाहिए कि परिवार कल्याण पर फोकस हो. फैमिली वेलफेयर का अर्थ तभी है, जब परिवारों में वृद्धि हो.
भविष्य में हमारी युवा आबादी कितनी और कैसी होगी. इसी पर ईरान का भविष्य निर्भर करेगा. उन्होंने कहा कि कोई भी देशभक्त इंसान परिवार बढ़ाएगा और उसी से ईरान का भविष्य भी तय होगा. खामेनेई ने कहा कि बीते सालों में हमने जो आबादी कंट्रोल की नीति बनाई थी, उसका आज असर दिख रहा है. लेकिन अब बदलाव की स्थिति है. अब जरूरी है कि हम अपनी रणनीति में बदलाव करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं